हृदय रोग पीड़ित सभी बच्चों का होगा निःशुल्क इलाज: डॉ. रमन सिंह

रायपुर

  • मुख्यमंत्री ने श्री सत्य सांई संजीवनी अस्पताल में किया  ‘
  • चाइल्ड हार्ट सर्जरी सेंटर’ और दो आपरेशन थियेटर का शुभारंभ
  • ध्यान केन्द्र ‘श्री सत्य सांई सौभाग्यम’ का किया अवलोकन

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि राज्य सरकार अगले पांच वर्षों में छत्तीसगढ़ के ऐसे सभी बच्चों के हृदय का निःशुल्क इलाज करायेगी, जो हृदय रोग से पीड़ित हैं। मुख्यमंत्री ने आज नया रायपुर स्थित श्री सत्य सांई संजीवनी अस्पताल में बच्चों के हृदय रोग के ऑपरेशन के लिए ‘चाइल्ड हार्ट सर्जरी सेंटर’ और दो आपरेशन थियेटरों का शुभारंभ करते हुए यह घोषणा की। सत्य सांई संजीवनी हास्पिटल में वर्तमान में 48 बच्चे दाखिल हैं, इनमें छह बच्चे पाकिस्तान से आए हैं। इनके साथ छत्तीसगढ़, ओडिसा, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल के बच्चे हैं। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में इलाज करा रहे और स्वस्थ हो चुके बच्चों को आशीर्वाद प्रदान किया और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं दी।
डॉ. रमन सिंह नेे शुभारंभ समारोह में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हृदय रोग पीड़ित बच्चों को स्वस्थ्य बनाने के लिए राज्य सरकार ने यह बड़ा लक्ष्य तय किया है। इस लक्ष्य  को प्राप्त करने में श्री सत्य सांई संजीवनी हास्पिटल की भी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा ऐसे बच्चों को निःशुल्क चिकित्सा सहायता देने के लिए वर्ष 2008 से मुख्यमंत्री बाल हृदय सुरक्षा योजना संचालित की जा रही है। अब तक चार हजार से ज्यादा बच्चों को इसका लाभ मिल चुका है। इसके पहले मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर पर में बनाये जा रहे ध्यान केन्द्र ‘श्री सत्य साई सौभाग्यम’ का भ्रमण किया। डॉ. सिंह ने वहां छत्तीसगढ़ की विशेषताओं, ऐतिहासिक, पुरातात्विक और पर्यटन स्थलों, महापुरुषों और आदिवासी संस्कृति को प्रदर्शित करने वाले स्थल ‘छत्तीसगढ़-द हार्ट ऑफ इंडिया’ का दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने समारोह में श्री सत्य सांई ट्रस्ट से यह आग्रह भी किया कि छत्तीसगढ़ में चिकित्सा के इस अच्छे केन्द्र के साथ-साथ ट्रस्ट एक अच्छा शिक्षा संस्थान भी नया रायपुर में प्रारंभ किया जाए, राज्य सरकार इसके लिए ट्रस्ट को निःशुल्क जमीन उपलब्ध करायेगी। मुख्यमंत्री यह भी कहा कि अस्पताल के विस्तार की यदि जरुरत होगी तो सरकार इसमें भी मदद करेगी। पदम विभूषण सम्मान प्राप्त डॉ. एम.एस. वालिसाथन, पदमश्री सम्मान प्राप्त डॉ. के.एम. चेरियन और डॉ. नरसिम्हन मूर्ति विशेष अतिथि के रुप में उपस्थित थे। मुख्यमंत्री के  अपर मुख्य सचिव श्री एन. बैजेन्द्र कुमार और प्रमुख सचिव श्री अमन कुमार सिंह सहित अन्य अनेक वरिष्ठ अधिकारी भी इस मौके पर मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने श्री सत्य सांई संजीवनी हास्पिटल द्वारा छत्तीसगढ़ में किए जा रहे सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इस अस्पताल में आठ सौ बच्चों के हृदय के निःशुल्क आपरेशन किया गया है। साथ ही पांच हजार बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है और स्कूलों में चार हजार स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाए गये हैं। मुख्यमंत्री सहित अतिथियों ने सफल आपरेशन के बाद स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे बच्चों को आशीर्वाद प्रदान कर ट्रस्ट की ओर से उपहार भेंट किए। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में बच्चों के खेल कक्ष में जाकर स्वस्थ हुए बच्चों से आत्मीयता से मुलाकात की और उनका हाल-चाल पूछा। समारोह में श्री सत्य सांई ट्रस्ट के चेयरमेन श्री सी. श्रीनिवास, डॉ. कृष्ण मोहन, पदम विभूषण सम्मान प्राप्त डॉ. एम.एस. वालिसाथन और पदमश्री सम्मान प्राप्त डॉ. के.एम. चेरियन ने भी अपने विचार प्रकट किए।