लोक सुराज अभियान का चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र सही क्रियान्वयन नही

कोरिया / चिरमिरी

प्रदेश सरकार द्वारा संचालित प्रदेश व्यापी लोक सुराज अभियान के चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र में सही ढंग से क्रियान्वयन न होने पर नेता प्रतिपक्ष अयाजउद्दीन सिद्धिकी ने निगमायुक्त को लिख कर प्रदेश सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना को सही ढ़ंग से संचालित किए जाने की मांग की है।
नेता प्रतिपक्ष अयाजउद्दीन सिद्धिकी ने अपने पत्र में कहा है कि नगरीय प्रशासन एवं विकास, द्वारा प्रशासन की संवेदनशीलता, गतिशीलता एवं तत्परता आम नागरिकों के कार्यों के प्रति निरंतर बनी रहे इस उद्देश्य से राज्य शासन के द्वारा 14 अप्रैल से 13 मई 2015 तक प्रदेश व्यापी लोक सुराज अभियान संचालित करने का निर्णय लिया गया है। लेकिन नगर पालिक निगम चिरमिरी क्षेत्र में इस अभियान को लेकर निगम प्रशासन के द्वारा संवेदनहीनता देखने को मिल रही है। जहां जिले के अन्य नगर पालिकाओं व पंचायत स्तरों तक प्रचार प्रसार के माध्यम से शासन के इस अभियान का प्रचार-प्रसार कर लोगों को बताया जा रहा है। वहीं चिरमिरी में किसी भी प्रकार से प्रचार वाहनों, अखबारों या टीव्ही के माध्यम से किसी भी प्रकार से वार्डों में लगने वाले कैंपों का प्रचार नहीं होने से आम जनों को इसकी जानकारी नहीं मिल पा रही है। श्री सिद्धिकी ने अपने पत्र में आगे कहा है कि निर्धारित स्थलों पर 15 से 22 अप्रैल के बीच उन्होने जब भ्रमण किया तो निगम के वसूली से संबंधित अधिकारी कर्मचारी ही बैठे मिल रहे है। जबकि कैंपों में निर्धारित तिथियों पर राजस्व अमले, विद्युत मरम्मत एवं संधारण, जल प्रदाय, सफाई विभाग के अधिकारी कर्मचारी नदारत पाये गये। साथ ही कैंप स्थलों पर अधिकारी कर्मचारीयों के लिए न तो पेयजल की व्यवस्था है न हीं गर्मी से बचने के लिए पंखों की उचित व्यवस्था की गई। इससे साफ जाहिर होता है कि नगर पालिक निगम चिरमिरी प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना को क्षेत्र में सुचारू ढ़ंग से चलाने के लिए तत्पर नहीं है। इस प्रकार के कृत्य से प्रदेश सरकार की छवि को निगम प्रशासन द्वारा आमजनों के बीच धूमिल करने की मंशा साफ जाहिर हो रही है। नेता प्रतिपक्ष ने निगम आयुक्त से प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी लोक सुराज अभियान को जिस तरह प्रदेश स्तर पर चलाया जा रहा है। उसी तरह नगर पालिक निगम चिरमिरी में पूरे प्रचार प्रसार के साथ व निर्धारित दिवसों पर सभी अधिकारी कर्मचारियों को उपस्थित होने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने की मांग की है।