मुख्यमंत्री ने श्मशान घाट में लगाई झाडू

रायपुर, 02 अक्टूबर 2014

  • मारवाड़ी श्मशान घाट को आदर्श मुक्तिधाम बनाने की जरूरत: डॉ. रमन सिंह
  • मुख्यमंत्री ने नेहरू नगर की गरीब बस्ती के लोगों से भी मुलाकात की

मुख्यमंत्री डाॅ0 रमन सिंह ने आज सवेरे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर स्थानीय नेहरूनगर में गरीबों की बस्ती का अचानक दौरा किया। डाॅ. सिंह दानी स्कूल परिसर में आयोजित स्वच्छता के शपथ समारोह के बाद अधिकारियांे और जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर इस बस्ती में अचानक पहुंचे। उन्होंने वहां मारवाड़ी श्मशान घाट में झाड़ू लगाकर परिसर की साफ-सफाई की। मुख्यमंत्री ने करीब एक घण्टे का समय इस शमशान घाट से लगी गरीबों की बस्ती में गुजारा। उन्होंने वहां के नागरिकों, महिलाओं, बच्चों से आत्मीयता के साथ बातचीत कर उन्हें साफ-सफाई का महत्व समझाया। डाॅ. सिंह ने शमशान घाट परिसर के नलकूप में क्लोरीन डालकर जल शुद्धिकरण भी किया।

डाॅ. रमन सिंह ने अधिकारियों से कहा कि यह रायपुर शहर का सबसे पुराना शमशान घाट है। इसे एक आदर्श मुक्तिधाम के रूप में विकसित करने की जरूरत है, जहां पेयजल और एक मनोरम उद्यान सहित हर प्रकार की पर्याप्त बुनियादी सुविधाएं हों। उन्होंने बुजुर्ग और निःशक्त लोगों की जरूरतों के अनुरूप यहां इंतजाम करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने यहां श्रद्धांजलि देने के लिए आने वाले लोगों के बैठने की उचित व्यवस्था पर बल दिया और सम्पूर्ण परिसर में टाईल्स लगाने तथा एक अच्छा उद्यान विकसित करने की भी जरूरत बताई। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को इसके लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यहां के माहौल के अुनरूप यहां आत्मिक शांति के लिए चैबीसों घण्टे भजन और आध्यात्मिक संगीत चलते रहने चाहिए। मुख्यमंत्री ने इस वार्ड में रहने वाले पदम्श्री सम्मान प्राप्त कबीरभजन गायक भारती बंधु से भी उनके निवास में मुलाकात की। उन्होंने भारती बंधुओं से अपने भजनों के जरिए साफ-सफाई का संदेश आम जनता तक पहुंचाने का आग्रह किया।

डाॅ.सिंह ने वार्ड के बच्चों से उनकी पढ़ाई और साफ-सफाई के बारें में आत्मीय बातचीत की। उन्होंने बच्चों से उनके घरों की साफ-सफाई के बारे में जानकरी ली। उनसे अपने पालकों को घर में स्वच्छ शौचालय बनाने के लिए अनुरोध करने कहा। डाॅ. सिंह ने कहा कि राज्य सरकार गरीब परिवारों के घरों में शौचालय बनाने के लिए शत-प्रतिशत मदद देगी। मुख्यमंत्री ने इस वार्ड के बुजुर्ग महिलाओं से चर्चा करते हुए कहा कि आपके मोहल्ले में सुलभ शौचालय बना हुआ है। इसका नियमित उपयोग करें। सफाई के अभाव में अनेक बीमारियां होती है। साफ-सफाई से रहने का मतलब बीमारियों से दूर रहना है। इससे पैसे बचने के साथ ही शरीर भी स्वस्थ रहता है। उन्होंने इन महिलाओं से शौच के लिए बाहर नहीं जाने का वादा भी लिया। मुख्यमंत्री ने पार्षद श्रीमती सरिता वर्मा और महादेव नायक से भी सफाई के बारे में चर्चा की।