मुंगेली जिले में चार एनीकटों के लिए 13.52 करोड़ रूपए स्वीकृत

रायपुर. 01 दिसम्बर 2014

राज्य शासन के जल संसाधन विभाग ने मुंगेली जिले में चार एनीकटों के निर्माण के लिए 13 करोड़ 52 लाख रूपए की मंजूरी दी है। विभाग ने इसकी प्रशासकीय स्वीकृति के आदेश यहां मंत्रालय (महानदी भवन) से जारी किया है। इन एनीकटों के निर्माण से जिले के 600 हेक्टेयर रकबे में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा। एनीकट बनने से इलाके के भू-जल स्रोतों के संवर्धन के साथ ही लोगों को निस्तारी के लिए भी पानी मिलेगा।

जल संसाधन विभाग ने जिले के लोरमी विकासखंड में मनियारी नदी पर लोरमी एनीकट के निर्माण के लिए लगभग चार करोड़ रूपए की स्वीकृति दी है। इसके निर्माण से क्षेत्र के 144 हेक्टेयर रकबे में सिंचाई के लिए पानी पहुंचेगा। मनियारी नदी पर ही इसी विकासखंड के अंतर्गत खेकतरा एनीकट के लिए करीब तीन करोड़ 67 लाख रूपए की मंजूरी दी गई है। खेकतरा एनीकट से इलाके के 130 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार प्रस्तावित है। विभाग ने पथरिया विकासखंड के आगर नदी पर भंवरकछार एनीकट निर्माण के लिए तीन करोड़ 68 लाख 36 हजार रूपए की मंजूरी दी है। इसके बनने से इलाके के 215 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का विस्तार होगा। मुंगेली विकासखंड में चमारी एनीकट योजना के लिए दो करोड़ 19 लाख 38 हजार रूपए मंजूर किए गए हैं। इससे क्षेत्र के 110 हेक्टेयर रकबे में किसानों को सिंचाई और निस्तारी के लिए पानी मिलेगा।