बालोद जिले में पटवारी चयन की पूरी प्रक्रिया निरस्त : नये सिरे से होगी भर्ती

रायपुर/बालोद

राज्य सरकार ने बालोद जिले में 65 पटवारियों की भर्ती के लिए जारी चयन सूची सहित सम्पूर्ण चयन प्रक्रिया निरस्त कर दी है। अब वहां नये सिरे से भर्ती की जाएगी। राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग ने यहां मंत्रालय (महानदी भवन) से इस आशय का आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि बालोद जिले में पटवारियों के 65 रिक्त पदों के लिए चयन परीक्षा का आयोजन कर चयन सूची जारी की गई थी। चयन प्रक्रिया के संबंध में प्राप्त शिकायतों की जांच कराए जाने पर प्रथम दृष्टि में गंभीर अनियमितताएं पाई गई हैं। इसे देखते हुए सम्पूर्ण चयन प्रक्रिया को निरस्त किया गया है। जिले में पटवारियों के रिक्त पदों को भरने के लिए चयन प्रक्रिया नये सिरे से आयोजित की जाएगी। राजस्व विभाग ने इसके लिए राजधानी रायपुर स्थित संचालक भू-अभिलेख को अधिकृत किया है। कलेक्टर बालोद उन्हें आवश्यक सहयोग देंगे। इसी तारतम्य में राज्य सरकारने कलेक्टर बालोद को पत्र भेजकर इस मामले में उच्च न्यायालय में केवियट दायर करने के भी निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि जिले में पटवारी चयन प्रक्रिया के बारे में प्राप्त शिकायतों को मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और राजस्व मंत्री श्री प्र्रेमप्रकाश पाण्डेय ने गंभीरता से लिया था। उनके निर्देश पर मामले की जांच की गई, जिसमें पहली नजर में अनियमितताएं मिली और प्रक्रिया निरस्त कर दी गई। राजस्व मंत्री श्री पाण्डेय ने अधिकारियों को नये सिरे से होने वाली चयन प्रक्रिया में नियमों का पालन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।