पढ़िए – ट्रक-पजेरो भिडंत में हुई मौत के प्रत्यक्ष दर्शी का दुखद बयान..!

चार गंभीर, दो रिफर

अम्बिकापुर

अम्बिकापुर नगर के प्रतापपुर मार्ग में पंचनान होटल के सामने ट्रक व पजेरो वाहन में आमने.सामने जबरजस्त भिड़ंत हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में नगर के ठेकेदार विनय प्रताप सिंह राजा की व लोक निर्माण विभाग के सब इंजीनियर वीके सिंह की मौके पर ही हृदय विदारक मौत हो गई। पजेरो वाहन में बैठे चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। दो का उपचार अम्बिकापुर जीवन ज्योति अस्पताल में चल रहा है। दो युवकों को बिलासपुर व रायपुर के लिये रिफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि रायपुर व बिलासपुर रिफर हुये दोनो युवक कोमा में चले गये हैं।

जानकारी के मुताबिक केदारपुर निवासी स्व. लाल बाबू सिंह के बड़े सुपुत्र विनय सिंह उर्फ राजा जो राजा गैस एजेंसी के संचालक व ठेकेदार थे। रविवार.सोमवार की दरम्यानी रात 12:20 बजे विनय सिंह पीडब्ल्यूडी के सब इंजीनियर वीके सिंहए उत्तम सिंह, रितेश सिंह, अभिषेकसिंह, सोनू जायसवाल के साथ अपने मामा मनोज सिंह को छोडने सरगवां फार्म हाउस जा रहे थे। जैसे ही वह प्रतापपुर मार्ग में पंचानन होटल के सामने पहुंचे सामने की ओर से आ रही ट्रक में जबरजस्त भिड़ंत हो गई। दुर्घटना इतनी जबरजस्त थी कि पजेरो वाहन ट्रक में बुरी तरह फंस गया था। पजेरो वाहन में बैठे विनय सिंह राजा सहित छ: लोग गंभीर रूप से घायल हो गये थे। एक युवक सोनू जायसवाल जिसे एक खरोच भी नहीं पहुंची थी उसने घटना की जानकारी परिजनों व पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस व प्रशासनिक अमला रात को मौके पर पहुंचा। पुलिस द्वारा वाहन में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश की गई, लेकिन नहीं निकाल पाये। प्रशासन द्वारा तत्काल ही हाइड्रा वाहन मौके पर बुलाया गया और ट्रक को  पलटवाया गया, जिसके बाद वाहन में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने सभी को बाहर निकाला तो विनय सिंह राजा व सब इंजीनियर वीके सिंह की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। शेष सब इंजीनियर उत्तम सिंह सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये थे, जिन्हें उपचार हेतु जिला अस्पताल व जीवन ज्योति अस्पताल में भर्ती कराया गया। रितेश सिंह व अभिषेक सिंह की स्थिति को गंभीर देखते हुये बिलासपुर अपोलो व रायपुर के लिये रिफर कर दिया गया है। अम्बिकापुर जीवन ज्योति अस्पताल में उत्तम सिंह व मनोज सिंह का उपचार आईसीयू में जारी है। बताया जा रहा है कि पजेरो वाहन विनय सिंह द्वारा चलाया जा रहा था। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक चालक के विरूद्ध गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करते हुये ट्रक को जप्त कर लिया है। पुलिस ने विनय सिंह व वीके सिंह के शव का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। इस भीषण सड़क हादसे की खबर अम्बिकापुर में आग की तरह फैल गई और विनय सिंह राजा व सब इंजीनियर वीके सिंह के  घर नगर के काफी संख्या में गणमान्य नागरिक पहुंचे हुये थे। बताया जा रहा है कि विनय सिंह राजा का परिवार रायपुर में रहते हैं। घटना की खबर लगते ही परिजन रायपुर से अम्बिकापुर आने निकल गये थे। विनय सिंह अपने पीछे दो बच्चे, पत्नी समेत भरा.पूरा परिवार छोड़ चले गये। उनकी मौत से नगरवासियों में शोक का माहौल निर्मित है।

ऐसे हुआ हादसा-

इस भीषण सड़क हादसे के प्रत्यक्षदर्शी मिशन चैक निवासी सोनू जायसवाल जो पजेरो वाहन में बैठे हुये थे उन्होंने बताया कि जैसे ही वाहन पंचानन होटल के पास पहुंची सामने की ओर से आ रही एक ट्रक जिसकी बांई ओर की एक हेडलाईट जल रही थी। चालक को लगा कि कोई मोटरसायकल आ रही है। जैसे ही वह ट्रक के समीप पहुंचे सड़क किनारे मिट्टी का ढेर पड़ा हुआ था। चालक विनय सिंह मिट्टी के ढेर की ओर से वाहन को काटे तो वाहन अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसा। बताया जा रहा है कि ट्रक भी काफी रफ्तार में थी और पजेरो वाहन भी रफ्तार में थी जिसके कारण यह भीषण हादसा हुआ।