पार्टी से पिछड़े वर्ग का स्वाभाविक लगाव भाजपा की बड़ी पूंजी : कोमल जंघेल

अम्बिकापुर

भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष कोमल जंघेल के प्रथम नगर आगमन पर
विश्राम गृह के सभागार में आयोजित स्वागत कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कोमल जंघेल ने भारतीय जनता पार्टी में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के महत्व व प्रासंगिकता को रेखांकित करते हुए कहा कि पूर्व में यह मोर्चा प्रकोष्ठ के रूप में कार्य करता था, नए सत्र से इसे मोर्चे का स्वरूप दिया गया है। उन्होने कहा की भाजपा के अभ्युद्य से ही यह देखा गया है की पिछड़े वर्ग की जनता का बहुत बड़ा हिस्सा भाजपा के प्रति स्वाभाविक लगाव रखता है। पार्टी को सत्ता तक पहुंचाने में इस वर्ग का बहुत अधिक योगदान रहा है हमारे कार्यकर्ताओं को पिछड़े वर्ग के लिए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उस वर्ग को मिल सके इसका गम्भीरता से प्रयास करना चाहिए। इस वर्ग में कुछ ऐसी जातियां हैं जिनकी तरफ हमारा ध्यान नहीं जा पाता, उन्हें चिन्हांकित कर उन तक पहुंचना संगठन के लिए लाभप्रद होगा। उन्होंने अपने स्वागत की भूरी भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि मैं आप सभी के सहयोग से इस मोर्चे को एक सशक्त व प्रभावशाली स्वरूप देने का प्रयास करूंगा।