पानी पर सियासत, भाजपाईयों ने रैली निकाल निगम के सामने मटके फोड़े.. किया घेराव…

आयुक्त ने कहा पानी की समस्या रूटीन प्रक्रिया

अम्बिकापुर

नगर के कुछ वार्डों में पेयजल की समस्या को लेकर आज भाजपा पदाधिकारियों व महिला मोर्चा ने नगर का घेराव किया। इस दौरान नारेबाजी करते हुये भाजपाईयों ने निगम परिसर में मटके फोड़े। भाजपाईयों ने कहा कि नगर में काफी दिनों से पेयजल समस्या है, परंतु नगर निगम का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। इस मामले में नगर निगम आयुक्त से मिले भाजपाईयों को आयुक्त ने कहा कि जहां भी पेयजल की समस्या है उसे जल्द ही दूर कर लिया जायेगा। वैसे पानी की समस्या रूटीन प्रक्रिया है।

पानी की समस्या को लेकर भाजपा नगर अध्यक्ष विद्यानंद मिश्रा व नगर निगम नेता प्रतिपक्ष जन्मेजय मिश्रा के नेतृत्व में भाजपा के पार्षदों व कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा कार्यालय से सर पर मटका लेकर रैली की शक्ल में नगर निगम कार्यालय पहुंचे, जहां अम्बिकापुर कोतवाली पुलिस व गांधीनगर पुलिस ने भाजपाईयों को निगम के अंदर प्रवेश करने से रोक दिया, जिस पर काफी गहमा-गहमी की स्थिति भी निर्मित हो गई। कुछ देर महापौर के विरूद्ध नारेबाजी करने के बाद भाजपाईयों ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करते हुये निगम के अंदर प्रवेश कर गये और निगम के सामने कई मटके फोड़ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन उपरांत नगर निगम आयुक्त एके सिंगरौल को भाजपाईयों ने ज्ञापन सौंप बताया कि 18 माह से नगर के सभी वार्डों में पानी की निरंतर सुचारू व्यवस्था करने में निगम असफल रहा। नगर के नवागढ़, गांधीनगर, तुर्रापानी, धोबीपारा, बनारस रोड, पटपरिया, नालापारा, गोधनपुर, गंगापुर एवं नये शामिल वार्डों से आम नागरिक परेशान होकर कई बार महापौर व आयुक्त को पानी की समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन आज तक पानी की समस्या दूर नहीं हो सकी है। नगर भाजपा मंडल अम्बिकापुर द्वारा गत माह मार्च मे नगर निगम का घेराव कर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा था, जिसमें आश्वासन दिया गया था कि सभी वार्डों में शीघ्र ही पानी की समस्या दूर कर ली जायेगी, लेकिन आज दिनांक तक पानी की समस्या बहाल नहीं हो सकी है। इस दौरान भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अम्बिकापुर विद्यानंद मिश्रा, नेता प्रतिपक्ष जन्मेजय मिश्रा, महिला मोर्चा की श्रीमती शकुन्तला पांडेय, सांसद प्रतिनिधि मनोज गुप्ता सहित भाजपा जिला मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे।

महिला मोर्चा ने महापौर से की मुलाकात

प्रदर्शन उपरांत भाजपा महिला मोर्चा की शकुन्तला पांडेय, मंजूषा भगत, माया मिश्रा सहित अन्य महिलाओं ने महापौर कक्ष में पहुंच महापौर डॉ. अजय तिर्की से मुलाकात की और पानी की समस्या से अवगत कराया। महापौर श्री तिर्की ने महिलाओं की बात गंभीरता से सुनते ही आज से ही राहत कार्य के लिये हर संभव मदद करने की बात कही और उन्होंने कहा कि दो दिन के अंदर ही जिन वार्डों में पेयजल की समस्या है उसे दूर कर दिया जायेगा।

पढिए .. जब सफेद पेंट कराकर मंत्री से कराया गया शुभारंभ

https://fatafatnews.com/%e0%a4%aa%e0%a4%b0%e0%a5%8d%e0%a4%a6%e0%a5%87-%e0%a4%ae%e0%a5%87-%e0%a4%97%e0%a4%b2%e0%a4%a4%e0%a5%80-%e0%a4%af%e0%a4%be-%e0%a4%97%e0%a4%b2%e0%a4%a4%e0%a5%80-%e0%a4%aa%e0%a4%b0-%e0%a4%aa%e0%a4%b0/