निस्तारी और सिंचाई के लिए मिलेगा पानी

रायपुर

राज्य शासन के जल संसाधन विभाग ने बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड में कोहकापाल एनीकट के लिए पांच करोड़ 13 लाख 90 हजार रूपए मंजूर किए हैं। जल संसाधन विभाग ने इसकी प्रशासकीय स्वीकृति का आदेश यहां मंत्रालय (महानदी भवन) से जारी किया है। इस एनीकट के निर्माण से इलाके के जल स्रोतों के संवर्धन के साथ ही लोगों को निस्तारी और सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। इससे लगभग 310 हेक्टेयर रकबे में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार प्रस्तावित है। विभागीय अधिकारियों को यह काम निर्धारित समय-सीमा में करने के निर्देश दिए गए हैं।