नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा का परचम लहराने का संकल्प

रायपुर
भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर बस्तर और रायपुर संभाग की बैठक हुई। बैठक में भाजपा संगठन के पदाधिकारी, नगरीय निकाय चुनाव से संबंधित समितियों के पदाधिकारी, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने जिलेवार भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर प्रदेश के नगरीय निकायों में भाजपा का परचम लेने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव यानी यह कार्यकर्ताओं का चुनाव है जिसमें कार्यकर्ता ही अपना पार्षद, पालिकाध्यक्ष और महापौर प्रत्याशी का न केवल चयन करेंगे बल्कि उन्हें रिकार्ड मतों से जीत दिलाएंगे। दुर्ग संभाग की बैठक गुरुवार को हुई और शुक्रवार को रायपुर और बस्तर संभाग की बैठक हुई। शनिवार को सरगुजा और बिलासपुर संभाग की बैठक होगी। इन बैठकों में कार्यकर्ताओं के बीच प्रत्याशी चयन को लेकर आमराय बनाने पर जोर दिया गया। आगामी दिनों में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ता वार्डों तक जाकर हर घर, पान ठेले, गुमटियों में, झुग्गी बस्तियों और हाट- बाजारों में जाकर भाजपा की योजनाओं को बताकर उन्हें भाजपा से जोडऩे का काम करेंगे। इसे पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर किया जाएगा। unnamed (13)
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि हमें पिछले नगरीय चुनाव में पिछड़े नगर निगम , नगर पालिका, नगर पंचायतों को चिह्नित कर उस पर पूरा ध्यान रखना होगा। साथ ही जहां हमारे महापौर, पलिकाधक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष हैं उन सीटों को बरकरार रखते हुए जनाधार बढ़ाने की जरूरत है। हमें यह नहीं भुलना चाहिए कि पार्टी से बड़ा कोई नहीं है। हमें मिलजुलकर नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा को जीत दिलाने पूरी तैयारी के साथ जाना है। एक बार प्रत्याशी घोषित होने के बाद हमें पूरी ताकत से उसे जीत दिलाने का संकल्प लेना होगा।
 भाजपा प्रदेश महामंत्री शिवरतन शर्मा ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा का परचम लहराने का लक्ष्य मिला है जिसे कार्यकर्ताओं की ताकत से ही पूरा करेंगे। आज परिस्थितियां भाजपा के अनुकूल है जरूरत है हमें सावधानी बरतने की। जिले के बाद मंडलों की बैठकें होंगी जिसमें प्रत्याशी चयन किया जाएगा और मंडल प्रत्याशी का नाम नगरीय निकाय चुनाव चयन समिति को अनुशंसा कर भेजेगी।
नगरीय निकाय मंत्री अमर अग्रवाल ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव के लिये घोषणा-पत्र तैयार हो गया है और शीघ्र ही इसे घोषित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 17 नवंबर से नगरनिगम और 19 नवंबर से नगर पालिका और नगर पंचायत के लिए नामांकन शुरू होने वाला है। अब समय कम है और हमें पूरी ताकत के साथ चुनाव में जुटना है।