छत्तीसगढ़ में होगी हॉकी की वर्ल्ड लीग प्रतियोगिता : मुख्यमंत्री ने बैठक में दी सहमति

रायपुर

राष्ट्रीय खेल हॉकी को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ में हॉकी की वर्ल्ड लीग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। यह प्रतियोगिता राजधानी रायपुर में आगामी 28 नवम्बर से 6 दिसम्बर तक होगी। साईंस कॉलेज परिसर स्थित एस्ट्रोटर्फ मैदान पर वर्ल्ड लीग की हॉकी फाईनल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में आज यहां मंत्रालय में हॉकी इण्डिया फेडरेशन के पदाधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में उन्होंने प्रतियोगिता आयोजन हेतु सहमति प्रदान की।

राज्य शासन के मुख्य सचिव श्री विवेक ढांड, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री अमन कुमार सिंह, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव श्री अमिताभ जैन, खेल सचिव श्री दिनेश कुमार श्रीवास्तव, बैठक में हॉकी इण्डिया फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ.नरेन्द्र बत्रा, छत्तीसगढ़ हॉकी फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. अनिल वर्मा, भारतीय ओलम्पिक संघ के कार्यकारिणी सदस्य श्री विक्रम सिसोदिया, हॉकी संघ रायपुर के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव शामिल थे। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बैठक में कहा कि राष्ट्रीय खेल हॉकी छत्तीसगढ़ में काफी लोकप्रिय है। राज्य के राजनांदगांव, रायपुर और जशपुर में हाकी के क्षेत्र में अनेक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी हुए हैं। इस परम्परा को आगे जारी रखना है। इसके लिए अधिक से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेण्ट आयोजित होना चाहिए। डॉ. सिंह ने वर्ल्ड लीग प्रतियोगिता आयोजन के लिए सारी तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेषकर लोक निर्माण विभाग और खेल विभाग को कार्य-योजना बनाकर समय-सीमा में सारी तैयारियां करने को कहा।

बैठक में बताया गया कि इस प्रतियोगिता में विश्व की शीर्षस्थ आठ टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें जर्मनी, जापान, स्पेन, न्यूजीलैण्ड,पाकिस्तान आदि देशों की टीम शामिल हैं। लीग प्रतियोगिता के आयोजन के बाद ही जुनियर हॉकी वर्ल्ड पुरूष टूर्नामेण्ट का मार्ग प्रशस्त होगा। विश्व कप प्रतियोगिता के आयोजन की दावेदारी के लिए आयोजक संस्था को कम से कम एक अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता का अनुभव होना चाहिए। हॉकी  इण्डिया फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. नरेन्द्र बत्रा ने बैठक में फेडरेशन की गतिविधियों  और उपलब्धियों के बारे मे प्रस्तुतिकरण दिया। उन्होंने बताया कि लीग मैच संपन्न कराने के लिए एक अतिरिक्त सिंथेटिक मैदान की जरूरत होगी।