चुनाव हारी तो 4 बच्चों के साथ महिला ने पिया जहर

बिलासपुर

भरनी-पोड़ी निवासी महिला ने 4 बच्चों के साथ जहर पीकर खुदकुशी करने की कोशिश की। गंभीर अवस्था में सभी को सिम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस को जनपद पंचायत सदस्य का चुनाव हारने के बाद घर में मची कलह और कर्ज से छुटकारा पाने के लिए महिला व बच्चों द्वारा जहर खाने की आशंका है। पुलिस के अनुसार महिला के होश में आने के बाद वस्तुस्थिति का पता चल सकेगा।

जानकारी के अनुसार मूलतः भरनी-पोड़ी निवासी उतरा कौशिक पेशे से किसान है। वह अपनी पत्नी सुक्रिता कौशिक व बेटी कविता कौशिक (19), कल्पना कौशिक (17), पल्लवी कौशिक (16) व बेटा राहुल कौशिक (14) के साथ सकरी में रहता है। उसने अपनी पत्नी सुक्रिता को जनपद पंचायत तखतपुर के क्षेत्र क्र मांक 11 से जनपद सदस्य का चुनाव लड़ाया था। इस चुनाव में उसे व विरोधी प्रत्याशी को बराबर वोट मिले। लॉटरी निकालने से वह चुनाव हार गई। बताया जा रहा है कि हार के बाद चुनाव में हुए खर्च की वजह से उसके पति उत्तरा से उसका विवाद हो गया। वहीं उत्तरा का गांव के कुछ अन्य लोगों से भी विवाद हुआ था।

उत्तरा कौशिक के मुताबिक रविवार शाम वह खेत जुताई करने गया था और रात में वह घुटकू के नयापारा में नवधा-रामायण सुनने चला गया। देर रात करीब 2 बजे वह घर पहुंचा तो उसकी पत्नी सुक्रिता कौशिक, बेटी कविता, कल्पना, पल्लवी व राहुल सभी अचेत पड़े थे। घर के बाहर उन्होंने उल्टी भी की थी। उत्तरा ने उनकी हालत देखकर आनन-फानन में आसपास के लोगों को बुलाया।

फिर उन्हें तत्काल इलाज के लिए सिम्स ले जाया गया। सिम्स में उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इन लोगों ने एक साथ जहर क्यों खाया, इस बात को लेकर परिजन और पड़ोसी कुछ भी जानकारी होने से इनकार कर रहे हैं। उनके पड़ोसी घनश्याम प्रसाद, रमाशंकर कौशिक आहत सुक्रिता के चाचा ससुर ने बताया कि देर रात उत्तरा ने उन्हें जहर खाने की जानकारी दी। इसके बाद सभी को अस्पताल भेज दिया गया। सुक्रिता चुनाव लड़ी और हार गई थी। आशंका है कि इसी के चलते उसने आत्महत्या की कोशिश की होगी।

विरोधियों पर जहर पिलाने का आरोप

पति उत्तरा का आरोप है कि ईश्वर श्रीवास से चुनाव को लेकर विवाद व मारपीट हुई थी। परिवार के सदस्यों को उसी ने जहर खिलाया होगा। इधर, पुलिस पुलिस उत्तरा के बार-बार बदल रहे बयानों के चलते उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात कह रही है और उसे संदिग्ध मानकर पूछताछ कर रही है।

गांव में दहशत

एक ही परिवार के पांच लोगों के जहर खाने की इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई है। गांव के लोग पूरे दिन इसी बात की चर्चा करते रहे। वहीं ग्रामीणों को भी यह समझ नहीं आ रहा है कि सुक्रिता व उसके बच्चों ने आखिरकार किस वजह से जहर खाकर जान देने की कोशिश की है।

शराबियों ने मचाया था उत्पात

बताया जा रहा है कि रविवार रात ग्राम पोड़ी में शराबी युवक उत्पात मचा रहे थे। शोर शराबा सुनकर गांव में रात में गश्त करने वाली महिला समूह एकजुट हो गईं। इस दौरान उत्पात मचा रहे शराबियों को महिलाओं ने खदेड़ा था। ग्रामीणों को आशंका है कि शराबी युवक भागकर सकरी चले गए। ग्रामीण इस घटना को भी महिला व उसके परिवार के जहर खाने से जोड़कर देख रहे है।

बर्तन व कीटनाशक जब्त

सोमवार सुबह इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस की टीम नगर पंचायत सकरी के वार्ड क्रमांक 2 बंधवापारा स्थित उत्तरा का मकान पहुंची। मौके से पुलिस ने चाय बनाने के बर्तन के साथ ही बाहर झाड़ियों में पड़े ट्राईसेल कीटनाशक का डिब्बा पड़ा हुआ था। बर्तन में कीटनाशक का घोल, स्टील के तीन ग्लास मिले। घर में उल्टी करने के निशान के साथ ही भोजन, मिक्चर व लेस के खाली रेपर आदि मिले हैं, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।

सूदखोरों से परेशान था परिवार

चुनाव हारने और कर्ज से उत्तरा का परिवार परेशान है। उसके पति का आरोप है कि मतगणना में धांधली कर चुनाव हराया गया है, जिसकी शिकायत उसने कलेक्टर से की है। सुनवाई नहीं होने पर उनका परिवार मानसिक रूप से परेशान है। बताया जा रहा है कि चुनाव में वह पांच लाख रुपए खर्च कर चुका था। इसके लिए उसने कुछ लोगों से कर्ज भी लिया था। दबी जुबान से सूदखोरों द्वारा उत्तरा व उसकी पत्नी को परेशान करने की बात भी कही जा रही है। पुलिस की जांच के बाद पूरे प्रकरण से पर्दा उठने की उम्मीद है।

बेटी की आज से थी परीक्षा

उत्तरा की बड़ी बेटी कविता डीएड की पढ़ाई कर रही है। दूसरी बेटी कल्पना बारहवीं की छात्रा है। आज से उसकी परीक्षा शुरू होने वाली थी। परीक्षा के ठीक एक दिन पहले हुई इस घटना के चलते वह अस्पताल में भर्ती है। वह परीक्षा दिलाने के बजाय जिंदगी और मौत से जूझ रही है। एक बेटी पल्लवी नवमीं कक्षा में पढ़ती है। वहीं बेटा राहुल आठवीं का छात्र है।

– See more at: http://naidunia.jagran.com/chhattisgarh/bilaspur-woman-with-4-kids-drink-poison-lost-elections-313848#sthash.5qlVaA5e.dpuf