कोरिया पुलिस का कमाल, छेड़छाड़ की शिकायत करने वाली दलित महिलाओं को ही बनाया आरोपी

नही लिखी महिलाओं की रिपोर्ट, द्वेषवश कार्यवाही करने का आरोप
बैकुंठपुर

राजस्व निरिक्षक के विरूद्ध छेडखानी की रिपोर्ट दर्ज कराने आई महिलाओं को ही पुलिस ने आरोपी बना दिया। यही नही सुबह से प्रयास करने के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नही होने पर उनके समर्थन में आए श्रीराम सेना के प्रमुख के साथ दो ऐसे व्यक्ति जिनका मामले से कोई लेना देना नही था वो थाने अपने किसी अन्य मामले की पूछताछ के लिए पहुंचे थे, उन्हें भी पुलिस ने आरोपी बना दिया। महिलाओं की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। लेकिन आरआई कि शिकायत पर प्रार्थी महिलाओं सहित 8 लोगों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है। जबकि आरआई बीडी कुशवाहा का कहना है कि मेरे खिलाफ लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार है, मुझे साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।
इस संबंध मे प्राप्त जानकारी के अनुसार जिलामुख्यालय के ग्राम चेर निवासी नीलम आत्मज भूरन जिसकी भूमि उसकी रजामंदी के बिना उसके भाईयों ने बेच दी थी। जिसके दस्तावेजों मे सुधार के लिए महिला विगत कई दिनों से राजस्व निरिक्षक के चक्कर लगा रही थी। घटना दिवस भी नीलम अपनी सहेली पुष्पा के साथ आरआई के निवास मे पहुंची। आरोप है कि इस दौरान दस्तावेजों मे सुधार के नाम पर आरआई के द्वारा महिलाओं से छेड़छाड़ एवं अभ्रद व्यवहार किया गया। जिसके बाद दोनों महिलाएं आरआई बीडी कुशवाहा के विरूद्ध शुक्रवार को थाने पहुंची, और आरआई के खिलाफ शिकायत दर्ज करने की मांग करने लगी। जिसके बाद मामला तूल पकडने लगा और जैसे ही पुलिस ने आरआई को थाने बुलाया, बताया जा रहा है कि वहां उनके साथ किसी ने मारपीट कर दी, महिलाओं के बुलावे पर श्रीराम सेना के पदाधिकारी थाने पहुंच गए और प्रशासन हरकत में आ गया, श्रीराम सेना द्वारा आरआई के विरूद्ध शिकायत को लेकर महिलाओं के पक्ष में कार्यवाही की मांग की जाने लगी। वहीं आरआई ने 6 लोगों के साथ महिलाओं के खिलाफ शिकायत पुलिस को दे दी, इस दौरान मझगवां निवासी शाबिर अली और चेर निवासी वीरन नामक दोनों व्यक्ति किसी और काम से थाने पहुंचें थे उन्हें भी मामले में आरोपी बना दिया गया है। पुलिस ने आरआई की शिकायत पर संजय, हितेश सिंह, शेखर सिंह, पदुम, पूनम, पुष्पा,नीलम, 294, 506, 182, 353 व 34 के तहत अपराध दर्ज कर लिया। कुछ देर बाद पुलिस अधीक्षक सुजीत कुमार की मौजदूगी में श्रीराम सेना प्रमुख संजय अग्रवाल सहित महिलाओं को हिरासत में ले लिया गया। इधर श्रीराम सेना ने पुलिस पर एक पक्षीय कार्यवाही का आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतवानी दी है। श्रीराम सेना का आरोप है कि प्रशासन और पुलिस बीते कई माह से उनके लोगों के खिलाफ द्वेषवश कार्यवाही कर रहा है। शुक्रवार को देर रात तक थाने के आसपास समर्थकों की भारी भीड लगी रही। दूसरे दिन भी पुलिस की कार्यवाही को लेकर लोगों में काफी रोष देखा जा रहा था। शनिवार को पुलिस ने संजय अग्रवाल और महिलाओं को को कोर्ट मे पेश किया। बचे आरोपियों की तलाश में पुलिस जुट हुई है।