साध्वियों को पिस्तौल अड़ाकर अपहरण कर दुष्कर्म का मामला….. पेंड्रा के ग्राम भांडी सोन नदी के किनारे ले जाकर गैंगरेप के मामले में मास्टरमाइंड जांजगीर से गिरफ्तार…

 

जांजगीर चाम्पा। (संजय यादव) चांपा स्टेशन से 2 मार्च को संतकुटी आश्रम की दो साध्वियों का पिस्तौल अड़ाकर अपहरण व पेंड्रा के ग्राम भांडी सोन नदी के किनारे लेजाकर गैंगरेप के मामले में मास्टरमाइंड को रविवार को जांजगीर से गिरफ्तार किया गया। पेंड्रा व बिर्रा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड दिलचंद पटेल को उसके गृहग्राम महुआडीह में घर में दबिश देकर पकड़ा। आरोपी को पुलिस पेंड्रा लेकर आ रही है।

जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के हदौस थानांतर्गत ग्राम अमोरा में रहने वाली 24 वर्षीय एक युवती पिछले 8 साल से साध्वी है। वह ग्राम परसदा स्थित संतकुटी आश्रम में अपने साथी 22 वर्षीय साध्वी के साथ रहती थी। 2 मार्च को दोनों साउथ बिहार एक्सप्रेस से चांपा स्टेशन में उतरे। वहां से ग्राम हसौद स्थित संतकुटी आश्रम जाने वाहन का इंतजार कर रहे थे। तभी बिर्रा थानांतर्गत ग्राम महुआडीह निवासी व पूर्व परिचित दिलचंद पटेल अपने साथी वाहन चालक के साथ साध्वियों के पास पहुंचा। उसने कहा, वह आश्रम की ओर जा रहा है, उन्हें भी छोड़ देगा। लेकिन वह झांसा देकर उन्हें आश्रम लेजाने के बजाए कोरबा मार्ग पर ले गया। साध्वियों के पूछने पर उसने ग्राम बरपाली में मित्र की जन्मदिन पार्टी में कुछ देर रुककर वापस आने की बात कही। बरपाली पहुंचने पर दिलचंद के अन्य साथी उत्तरप्रदेश के बस्ती जिला अंतर्गत ग्राम वेलहरा निवासी कल्पनाथ चौधरी, गिरजा शंकर चौधरी, श्याम चौधरी और 4 अन्य साथी चारपहिया वाहन में पहले से मौजूद थे। दिलचंद ने पिस्तौल अड़ाकर साध्वियों का अपहरण कर लिया। उन्हें पेंड्रा के ग्राम भांडी में सोन नदी के किनारे लेजाकर दुष्कर्म किया। साध्वियों के साथ दिलचंद के साथियों ने भी दुष्कर्म किया। दिलचंद ने साध्वियों को जान से मारने यूपी के साथियों को 2 लाख की सुपारी दी थी। दोनों साध्वी बदमाशों के चंगुल से छूटकर हसौद थाने में शिकायत करने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें भगा दिया था। इसके बाद उन्होंने घटना की शिकायत मुख्यमंत्री से की थी। मुख्यमंत्री की दखल के बाद पेंड्रा पुलिस ने शुक्रवार 14 जून को अपराध दर्ज किया था।

पेंड्रा व बिर्रा की पुलिस ने पकड़ा
गौरेला एएसपी मधुलिका सिंह और एसडीओपी अभिषेक सिंह ने आरोपी दिलचंद को पकडऩे पुलिस टीम रविवार को जांजगीर भेजी थी। पेंड्रा पुलिस दोपहर 1 बजे बिर्रा थाने पहुंची। मामले की जानकारी देकर बिर्रा पुलिस के साथ ग्राम महुआडीह में आरोपी के घर में पुलिस ने जब दबिश दी तो वह आराम कर रहा था।