ब्रेकिंग न्यूज़…नक्सली विस्फोट में 6 जवान शहीद, 1 घायल…

IMG 20180520 WA0224IMG 20180520 WA0226

नक्सली जवानों के 2 एके 47, 2 एसएलआर, 2 इंसास एवं 2 हेंड ग्रेनेड भी लूटकर ले गए
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में आज सुबह नक्सलियों द्वारा किए गए बारूदी सुरंग विस्फोट में 6 जवान शहीद हो गए, वहीं एक गंभीर रूप से घायल है। घायल जवान को उपचार के लिए अपोलो हास्पिटल बचेली में भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बतायी जा रही है। नक्सली जवानों के 2 एके 47, 2 एसएलआर, 2 इंसास एवं 2 हेंड ग्रेनेड भी लूटकर ले गए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बचेली से चोलनार मार्ग पर सड़क निर्माण का काम प्रगति पर है। श्रमिकों एवं अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए सीएएफ और डीएफ का संयुक्त पुलिस बल बोलेरो वाहन में सवार होकर बचेली से कार्यस्थल की ओर रवाना हुआ था, कि जंगल में घात लगाए नक्सलियों ने बारूदी सुरंग विस्फोट कर दिया। विस्फोट की जद में आकर 6 जवानों की घटनास्थल पर ही सांसे थम गयीं। घायल एक जवान अर्जुन राजवर को बचेली अस्पताल लाया गया है। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और जमीन पर दस फीट गहरा गड्ढा बन गया है। वाहन में कुल 7 जवान ही सवार थे।

शहीद जवानों में जिला पुलिस बल के प्रधान आरक्षक राम कु मार यादव,  आरक्षक टीकेश्वर धु्रव, सहायक आरक्षक सालीगराम, विक्रम यादव, आरक्षक राजेश सिंह तथा आरक्षक वरिन्द्र नाथ  हैं। आरक्षक अर्जुन राजवर गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें अपोलो अस्पताल बचेली में उपचारार्थ भर्ती करवाया गया है।

बस्तर डीआईजी रतनलाल डांगी ने 6 जवानों के शहादत की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना के बाद समूचे इलाके में एलर्ट जारी कर दिया गया है और गश्त सर्चिंग तेज कर दी गयी है।

विदित हो कि आगामी 22 मई को प्रदेश के मुख्यमंत्री डा रमन सिंह बचेली में विकास यात्रा और आम सभा में शामिल होंगे।