जांजगीर-चांपा। जिले की राजनीति में उस समय हलचल मच गई, जब “पामगढ़ मित्र मंडली” नामक व्हाट्सएप ग्रुप में एक ऐसा संदेश वायरल हुआ, जिसने भाजपा संगठन के भीतर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया। वायरल पोस्ट में भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक शरद चंद शर्मा के नाम के फेसबुक पोस्ट मे भारतीय जनता पार्टी जांजगीर-चांपा के जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
वायरल संदेश के अनुसार, शरद चंद शर्मा के नाम से पोस्ट मे लिखा है कि नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद यादव के माध्यम से एल्डरमैन नियुक्ति के लिए उन्होंने ₹2 लाख 50 हजार की राशि जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े को दी थी। लेकिन इसके बावजूद उनका नाम एल्डरमैन की सूची में शामिल नहीं किया गया।
“राशि वापस करने की मांग, लेकिन हर बार मिला ‘आज-कल’ का जवाब”
व्हाट्सएप ग्रुप में पोस्ट किए गए संदेश में शरद चंद शर्मा के नाम के पोस्ट में लिखा है कि सूची में नाम नहीं आने के बाद उन्होंने जिला अध्यक्ष से अपनी राशि लौटाने का अनुरोध किया। उनका आरोप है कि पिछले कई दिनों से वे लगातार संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन फोन रिसीव नहीं किया जा रहा है और हर बार आज-कल कहकर बात टाल दी जा रही है।
सोशल मिडिया पोस्ट में स्पष्ट रूप से लिखा है कि या तो उनकी ₹2.50 लाख की राशि तत्काल वापस की जाए, अथवा लिखित में यह बताया जाए कि राशि कब तक लौटाई जाएगी।
वायरल पोस्ट के बाद अध्यक्ष को भेजा माफ़ीनामा
वायरल पोस्ट के बाद शरद शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष को एक माफी नामा संदेश भेजा है जिसमें उन्होंने लिखा है कि भारतीय जनता पार्टी के सभी जस्ट श्रेष्ट देवतुल्य कार्यकर्ता पदाधिकारीयों से क्षमा मांगते हुए आज दिनांक 23.7.2026 को मेरे आईडी को हैक करके माननीय श्री अंबेशजांगड़े जी जिला अध्यक्ष एवं माननीय श्री गोविंद यादव जी अध्यक्ष नगर पंचायत के नाम से गलत एवं भ्रामक मेसेज डाला गया था जो की पूर्णता गलत एवं निरर्थक है। मेरे जानकारी में नहीं है मेरे आईडी के द्वारा प्रकाशित समाचार के लिए खेत व्यक्त करता हूं एवं क्षमा प्रार्थी हूं।
व्हाट्सएप पोस्ट से बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी
यह संदेश सामने आने के बाद भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं और राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस पोस्ट को लेकर लोग सवाल उठा रहे हैं कि यदि आरोप सही हैं तो मामला बेहद गंभीर है, वहीं यदि आरोप निराधार हैं तो संबंधित पक्ष को भी अपनी स्थिति सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करनी चाहिए।
गोविंद यादव का भी नाम आया सामने
वायरल संदेश में नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद यादव का भी उल्लेख किया गया है। हालांकि, संदेश में उनके खिलाफ प्रत्यक्ष आरोप नहीं लगाया गया है, बल्कि उन्हें कथित रूप से राशि दिए जाने के माध्यम के रूप में उल्लेखित किया गया है।
“व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल किया गया संदेश पूरी तरह फर्जी है। इस प्रकार का कोई मामला नहीं है। भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक शरद चंद शर्मा स्वयं इस पोस्ट का खंडन कर चुके हैं।” – अंबेश जांगड़े, जिला अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी, जांजगीर-चांपा
“मेरे फेसबुक पोस्ट मे इस तरह का पोस्ट करने की बात जो सामने आ रही है वह गलत है, मेरा मोबाइल आज सुबह 3 घंटे तक हैक हो गया था, इसी बीच में किसी ने यह पोस्ट किया है, मेरे द्वारा किया गया पोस्ट नहीं हैँ। हालांकि शरद चंद्र शर्मा ने अपने मोबाइल हैक होने की शिकायत पुलिस से नहीं की हैँ। उन्होंने स्वंम इसकी जानकारी दी है।” – शरद चंद शर्मा, जिला संयोजक सहकारिता प्रकोष्ठ भाजपा
“शरद चंद शर्मा के फेसबुक पोस्ट में वायरल पोस्ट पूरी तरह गलत है, मेरे नाम का जिक्र हुआ हैँ वह भी गलत हैं,शरद चंद शर्मा के अनुसार उनका मोबाइल हैक हो गया था।” – गोविंद यादव नगर पंचायत अध्यक्ष
(नोट- इस वायरल पोस्ट की पुष्टि फटाफट न्यूज़ नहीं करता है।)
