जांजगीर-चांपा। जिले के श्री मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल एवं बर्न ट्रामा सेंटर की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। अस्पताल को महज 10 बेड संचालन की अनुमति मिलने की जानकारी सामने आने के बावजूद 50 से 60 बेड संचालित किए जाने के आरोप ने स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह खुलासा सीएमएचओ अनीता श्रीवास्तव ने मिडिया से की है. अब इस पर अस्पताल संचालक के खिलाफ कार्यवाही भी हो सकती है. जांच अधिकारी द्वारा 50 बिस्तरो का अनुमति मांगने पर अस्पताल संचालक दस्तावेज देने में असमर्थता जाहिर कर रहे है यह जानकारी जिला चिकित्सा अधिकारी ने मीडिया को बताया है.
छत्तीसगढ़ उपचर्यागृह तथा रूजोपचार संबंधी स्थापनाएं अनुज्ञापन अधिनियम, 2010 और नियम 2013 के तहत निर्धारित मानकों के उल्लंघन का भी हो सकता है।
10 बेड की अनुमति तो अतिरिक्त बेड किसकी मंजूरी से?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब अस्पताल को 10 बेड संचालन की अनुमति दी गई है तो 50 से 60 बेड तक मरीजों को भर्ती करने की व्यवस्था किस आधार पर की गई? क्या अस्पताल प्रबंधन ने बेड क्षमता बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग से विधिवत अनुमति ली है? क्या विभाग ने अतिरिक्त बेड के अनुरूप भवन, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया है? यदि अनुमति नहीं है तो इतने बड़े स्तर पर संचालन कैसे हो रहा है?
नर्सिंग होम एक्ट के नियमों में स्पष्ट हैं अस्पताल के मानक
छत्तीसगढ़ नर्सिंग होम नियम 2013 के नियम 10 के अनुसार प्रत्येक क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट को अनुसूची-1 में निर्धारित मानकों का पालन करना अनिवार्य है। नियमों के भाग-ई में अस्पतालों और नर्सिंग होम के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाएं निर्धारित की गई हैं।
नियमों के अनुसार प्रत्येक 20 बेड या उसके हिस्से के लिए कम से कम एक रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर अथवा जनरल ड्यूटी मेडिकल ऑफिसर की व्यवस्था होनी चाहिए। इसी प्रकार प्रत्येक 20 बेड या उसके हिस्से के लिए एक नर्स/मिडवाइफ और एक जनरल ड्यूटी अटेंडेंट तथा प्रत्येक 10 बेड या उसके हिस्से के लिए एक सफाई कर्मचारी की व्यवस्था प्रति आठ घंटे की शिफ्ट के आधार पर निर्धारित है।
इसके अलावा वार्डों में मरीजों के बीच पर्याप्त दूरी, पुरुष एवं महिला मरीजों के लिए अलग वार्ड, संक्रामक रोगियों के लिए अलग कमरा, अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन चिकित्सा उपकरण, ऑक्सीजन सिलेंडर, सक्शन मशीन और एंबू बैग जैसी सुविधाएं भी निर्धारित हैं।
नियमों के भौतिक मानकों के अनुसार प्रति बेड वार्ड में न्यूनतम 100 वर्गफीट जगह तथा प्रत्येक अतिरिक्त बेड के लिए 60 वर्गफीट अतिरिक्त जगह निर्धारित है। दो बेड के बीच न्यूनतम छह फीट की दूरी और प्रत्येक छह बेड पर एक बाथरूम एवं शौचालय का मानक भी दिया गया है।
ऐसे में यदि अस्पताल वास्तव में 10 बेड की अनुमति पर 50 से 60 बेड संचालित कर रहा है तो स्वास्थ्य विभाग को यह भी जांचना होगा कि अतिरिक्त बेड के अनुपात में चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, वार्ड की जगह और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं या नहीं।
धारा 9 में लाइसेंस निलंबित और निरस्त करने का प्रावधान
नर्सिंग होम अधिनियम 2010 की धारा 9 के तहत यदि कोई पंजीकृत अस्पताल अधिनियम, नियमों अथवा लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करता पाया जाता है तो सक्षम पर्यवेक्षण प्राधिकारी सुनवाई का अवसर देने के बाद उसका लाइसेंस निलंबित अथवा निरस्त कर सकता है। इसके लिए नियमानुसार 30 दिन का नोटिस देने का प्रावधान है। वहीं धारा 12 में लाइसेंस संबंधी उल्लंघन और निर्धारित पात्रता मानकों को पूरा नहीं करने पर 20 हजार रुपये जुर्माने का प्रावधान है। दूसरी बार दोषसिद्धि होने पर तीन साल तक कारावास या 50 हजार रुपये जुर्माना अथवा दोनों की सजा हो सकती है।
पहले भी शिकायत, जांच में कमियां सामने आने की चर्चा
गौरतलब है कि श्री मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल के खिलाफ पूर्व में भी शिकायतें की गई थीं। स्वास्थ्य मंत्री से शिकायत और सीएम हेल्पलाइन में मामला पहुंचने के बाद बीएमओ नवागढ़ पुष्पेंद्र लहरे के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया था। जांच में अस्पताल की व्यवस्थाओं से जुड़ी कई कमियां सामने आने की जानकारी मिली थी। लेकिन जांच प्रतिवेदन और उसके आधार पर होने वाली कार्रवाई को लेकर अब तक स्पष्ट स्थिति सामने नहीं आई है।
अब सवाल यह है कि स्वास्थ्य विभाग अस्पताल की वास्तविक बेड क्षमता का भौतिक सत्यापन कब करेगा? क्या जांच में केवल कागजी दस्तावेजों को देखा जाएगा या वार्डों, डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, शौचालय, आपातकालीन सुविधाओं और अन्य मानकों की भी पड़ताल होगी? जिला कलेक्टर एवं पर्यवेक्षण प्राधिकारी को पूरे मामले में निष्पक्ष जांच कराकर अधिनियम के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। आखिर 10 बेड की अनुमति पर 50-60 बेड संचालन के आरोपों की सच्चाई सामने लाने की जिम्मेदारी किसकी है?
