अम्बिकापुर। राजस्व मंडल बिलासपुर के फर्जी आदेश को असली बताकर करोड़ों की जमीन अपने नाम कराने की कोशिश करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। सरगुजा जिले की लुण्ड्रा पुलिस ने इस सुनियोजित फर्जीवाड़े का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर राजस्व मंडल के कूट रचित आदेश की सत्यापित प्रति भी जब्त कर ली है, जबकि मामले में शामिल एक अन्य फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
इस पूरे मामले का खुलासा लुण्ड्रा तहसील कार्यालय के नायब तहसीलदार तुषार मानिक की लिखित शिकायत के बाद हुआ। शिकायत के अनुसार, ग्राम खाराकोना निवासी मो. मुस्लिम और उसके एक साथी ने एसडीएम न्यायालय धौरपुर में 11 दिसंबर 2023 को एक आवेदन पेश किया था। इसमें ग्राम खाराकोना स्थित खसरा नंबर 814/1 (2.40 हेक्टेयर), 814/3 (0.113 हेक्टेयर) और 814/4 (0.433 हेक्टेयर) की भूमि को अपने नाम दर्ज कराने की मांग की गई थी। इसके लिए आरोपियों ने माननीय राजस्व मंडल बिलासपुर के प्रकरण क्रमांक M/16/R/07/2019 के तहत 1 जून 2019 को जारी एक आदेश की प्रति लगाई थी। जब प्रशासनिक स्तर पर इस दस्तावेज की जांच की गई, तो वह पूरी तरह फर्जी और कूट रचित निकला।
नायब तहसीलदार की रिपोर्ट पर लुण्ड्रा थाने में अपराध क्रमांक 283/2026 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 और 34 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान प्रार्थी व गवाहों के बयान और जब्त दस्तावेजों के आधार पर अपराध की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी मो. मुस्लिम फिरदौसी (55 वर्ष), निवासी ग्राम खाराकोना को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया और फर्जी आदेश की सत्यापित प्रति पुलिस को सौंप दी।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है। मामले में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इस पूरी कार्रवाई में लुण्ड्रा थाना प्रभारी निरीक्षक अच्युतचंद तिवारी, सहायक उप निरीक्षक विशाल मिश्रा तथा आरक्षक राजकुमार यादव, इबनुल खान, शिवप्रसाद खलखो और वीरेंद्र खलखो की सक्रिय भूमिका रही।
