अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..सरगुजा जिले के ग्राम सरगा में शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। यहाँ स्थित एक निजी विद्यालय में केजी-1 में पढ़ने वाले महज चार साल के मासूम की छड़ी से बेरहमी से पिटाई कर दी गई। मारपीट इतनी क्रूर थी कि बच्चे की कोमल पीठ पर छड़ी के गहरे लाल निशान उभर आए हैं। इस अमानवीय घटना से आहत और आक्रोशित पिता ने केरजू पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम सरगा निवासी भीम राम द्वारा चौकी प्रभारी को सौंपे गए आवेदन के अनुसार, उनका 4 वर्षीय बेटा यशवंत कुमार गांव के ही ‘भारत माता बाल विद्या मंदिर’ का छात्र है। आरोप है कि बीते 25 नवंबर को स्कूल के भीतर मासूम की पीठ पर छड़ी से पांच बार बेरहमी से वार किया गया। छुट्टी के बाद जब यशवंत दर्द से कराहते और रोते हुए घर पहुँचा, तो उसकी पीठ पर उभरे जख्म देखकर परिजनों के होश उड़ गए। घबराए परिजन तत्काल मासूम को लेकर सीतापुर पहुँचे और उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया।
इस पूरे मामले में स्कूल प्रबंधन की संवेदनहीनता के साथ-साथ उसकी दबंगई भी सामने आई है। पीड़ित पिता का आरोप है कि जब उन्होंने बच्चे के साथ हुई इस बर्बरता पर सवाल उठाया, तो स्कूल संचालक ने अपनी गलती मानने के बजाय राजनीतिक रसूख की धौंस दिखानी शुरू कर दी। प्रबंधन की ओर से कथित तौर पर खुद को कांग्रेस नेता बताते हुए थाने न जाने की हिदायत दी गई और यहाँ तक धमकी दी गई कि वे पुलिस को भी देख लेंगे।
शिकायत में विद्यालय के संचालन और वहां की व्यवस्थाओं पर भी गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं। भीम राम का आरोप है कि नियमों को ताक पर रखकर एक निजी मकान के भीतर यह स्कूल चलाया जा रहा है, जहाँ बच्चों के लिए न तो शौचालय की बुनियादी सुविधा है और न ही खेलने के लिए कोई मैदान। उन्होंने शिक्षा के नाम पर केवल व्यवसाय चलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस और शिक्षा विभाग से गुहार लगाई है कि दोषी संचालक पर कठोर कार्रवाई की जाए और बिना बुनियादी सुविधाओं के चल रहे इस विद्यालय की जांच हो, ताकि भविष्य में किसी अन्य नौनिहाल को ऐसी यातना न झेलनी पड़े।
वहीं, इस पूरे घटनाक्रम पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) संतोष सिंह ने बताया कि फिलहाल इस मामले की जानकारी उन तक नहीं पहुँची है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायत मिलते ही पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और दोषियों के विरुद्ध उचित कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
