– प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद की बात आई सामने, पुलिस ने संदिग्ध आरोपी को किया चिन्हांकित; जहर सेवन के बाद कोरबा अस्पताल में भर्ती
जांजगीर-चांपा। बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम अंगारखार से तीन दिन पहले लापता हुई 30 वर्षीय महिला का शव तिलसा रवार पहाड़ी में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में प्रेम संबंध को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि इसी विवाद के चलते महिला की हत्या की गई है। मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध आरोपी को चिन्हांकित किया है, जिसने जहर सेवन कर लिया है और वर्तमान में कोरबा अस्पताल में उपचाराधीन है।
पुलिस के अनुसार, महिला 22 नवंबर से लापता थी। परिजनों की सूचना पर 24 नवंबर को चौकी पंतोरा में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त टीम ने 25 नवंबर की सुबह तिलसा रवार पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया। इसी दौरान महिला का शव बरामद हुआ।
पहाड़ी पर मिलने के बाद हत्या की आशंका गहराई
पुलिस की प्रारंभिक विवेचना में सामने आया कि महिला अपने परिचित व्यक्ति से मिलने पहाड़ी पर गई थी। इसी दौरान गांव का ही एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंचा और प्रेम संबंध को लेकर विवाद करने लगा। विवाद के बाद महिला का परिचित व्यक्ति वहां से चला गया। इसके बाद महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और परिस्थितियों के आधार पर गुमशुदगी के प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या की धारा जोड़ दी है। संदिग्ध आरोपी के जहर सेवन करने के बाद उसे कोरबा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, उसके स्वस्थ होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
