अम्बिकापुर। सरगुजा संभाग के चिकित्सा इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। अम्बिकापुर स्थित लाइफ लाइन हॉस्पिटल में पहली बार रीढ़ की हड्डी (स्पाइन) की सफल मिनिमली इन्वेसिव (लेजर) सर्जरी की गई है। अस्पताल के वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. नितेश दुबे और उनकी टीम ने इस जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया, जिसके बाद मरीज अब पूरी तरह से स्वस्थ है।
सूरजपुर जिले के ग्राम डेडरी (सपकरा) निवासी 54 वर्षीय कपूर प्रसाद करीब दो साल पहले ऊंचाई से गिर गए थे। इस हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई थी, जिससे उनकी कमर पूरी तरह झुक गई थी और वे सीधे खड़े होकर चलने में असमर्थ थे। बेहतर इलाज की उम्मीद में जब वे अम्बिकापुर के लाइफ लाइन हॉस्पिटल पहुंचे, तो न्यूरोसर्जन डॉ. नितेश दुबे ने उनकी गहन जांच की। जांच में सामने आया कि उनकी रीढ़ की हड्डी का ‘डी-11 वर्टीब्रा’ (D-11 Vertebra) टूट चुका है। डॉक्टरों ने मरीज और उनके परिजनों को आधुनिक लेजर पद्धति (मिनिमली इन्वेसिव सर्जरी) के बारे में विस्तार से समझाया, जिसके बाद परिजनों की सहमति से उनका सफल ऑपरेशन किया गया।
सर्जरी की तकनीक के बारे में जानकारी देते हुए डॉ. नितेश दुबे ने बताया कि पारंपरिक ओपन सर्जरी में करीब 10 सेंटीमीटर लंबा चीरा लगाना पड़ता है, जिसमें संक्रमण, लकवा (पैरालिसिस), अत्यधिक दर्द और लंबे समय तक बिस्तर पर रहने का जोखिम रहता है। इसके विपरीत, मिनिमली इन्वेसिव लेजर सर्जरी में महज 5 मिलीमीटर के एक छोटे से छेद के माध्यम से ऑपरेशन किया जाता है। यह प्रक्रिया लगभग दर्द रहित होती है, इसमें संक्रमण का खतरा न के बराबर रहता है और मरीज अगले ही दिन से चलना-फिरना शुरू कर सकता है।
अब तक इस तरह की उन्नत स्पाइन सर्जरी केवल बड़े महानगरों में ही उपलब्ध थी, जो आम मरीजों के लिए काफी खर्चीली साबित होती थी। अब सरगुजा संभाग में ही इस सुविधा के शुरू होने से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है और इलाज की नई उम्मीद जगी है। अस्पताल की इस ऐतिहासिक सफलता पर लाइफ लाइन हॉस्पिटल के प्रमुख डॉ. अमित असाटी (एमडी मेडिसिन) और डायरेक्टर विवेक दुबे ने न्यूरोसर्जन डॉ. नितेश दुबे, डॉ. शिवम और पूरी मेडिकल टीम को बधाई दी है।
