अम्बिकापुर। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच बिचौलियों और अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ सरगुजा जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर खाद्य विभाग और कृषि उपज मंडी की संयुक्त टीम ने अम्बिकापुर और श्रीगढ़ क्षेत्र के चार व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर 658 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है। इन सभी फर्मों के खिलाफ मंडी अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला खाद्य अधिकारी ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान श्रीगढ़ स्थित जे.के. ट्रेडिंग से सर्वाधिक 200 क्विंटल, महामाया ट्रेडिंग से 158 क्विंटल और आदर्श ट्रेडिंग से 140 क्विंटल धान बरामद किया गया। इसके अलावा अंबिकापुर के कृष्णा ट्रेडिंग के गोदाम से भी 160 क्विंटल अवैध धान पकड़ा गया।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि खरीदी सीजन के दौरान धान के अवैध परिवहन, भंडारण या किसी भी तरह की हेराफेरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभागीय टीमों द्वारा जिले भर में लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियम तोड़ने वाले व्यापारियों व प्रतिष्ठानों पर आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
