जांजगीर-चांपा। खाकी को दागदार करने वाले एक गंभीर मामले में पुलिस अधीक्षक (एसपी) विजय पांडेय ने सख्त कार्रवाई करते हुए सारागांव थाने में पदस्थ प्रशिक्षु उप-निरीक्षक (एसआई) पुष्पेंद्र साहू सहित कुल छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित होने वाले अन्य पुलिसकर्मियों में प्रधान आरक्षक अर्जुन जांगड़े और आरक्षक दीपक सिंह, शंकर जयकिशन, सुनील रमन तथा गोवर्धन टाइगर शामिल हैं।
यह पूरा मामला अवैध शराब तस्करी के एक आरोपी को आर्थिक लाभ लेकर बचाने से जुड़ा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सारागांव पुलिस की इस टीम ने पिछले दिनों भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब के साथ गोपाल नामक आरोपी को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने आरोपी से जब्त शराब की मात्रा को कम दिखाते हुए उस पर मामूली धाराएं लगाईं और बदले में उससे डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेकर उसे छोड़ दिया।
मामले की भनक लगते ही एसपी विजय पांडेय ने इसकी प्रारंभिक जांच कराई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर उन्होंने पूरी टीम पर निलंबन की गाज गिराई। एसपी ने स्पष्ट किया है कि इस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट में यदि आरोपों की पुष्टि होती है, तो न केवल दोषी पुलिसकर्मियों बल्कि इस सौदेबाजी में मध्यस्थता करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भी सीधे एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
