अम्बिकापुर। सूर्यषष्ठी (छठ पूजा) के महापर्व पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सरगुजा पुलिस ने सुरक्षा और यातायात का विस्तृत खाका तैयार कर लिया है। शहर और रिंग रोड पर यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए 14 नवंबर की दोपहर 12 बजे से 16 नवंबर की सुबह 10 बजे तक सभी प्रकार के मालवाहक और भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान रायगढ़ रोड पर दरिमा मोड़, बिलासपुर रोड पर सांड़बार बैरियर, मनेन्द्रगढ़ रोड पर अजिरमा बैरियर, बनारस रोड पर एफसीआई गोदाम चठिरमा, रामानुजगंज रोड पर ककना मोड़ और प्रतापपुर रोड पर आरटीओ ऑफिस के पास भारी वाहनों को रोक दिया जाएगा।

सरगुजा डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर पूरे जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिसके तहत लगभग 400 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहेंगे। जिले के कुल 13 प्रमुख छठ घाटों पर 244 जवानों की ड्यूटी लगाई गई है, जिनमें सर्वाधिक 45-45 जवान खर्रा नदी (घुनघुट्टा बांध) और रामानुजगंज रोड स्थित शंकरघाट पर मुस्तैद रहेंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रत्येक घाट पर प्रशिक्षित गोताखोर और अग्निशमन दल तैनात किए गए हैं, जो किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहेंगे। इसके अलावा, भीड़भाड़ वाले इलाकों में असामाजिक तत्वों और चेन स्नेचिंग जैसी घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए सादी वर्दी में पुलिस टीमों के साथ 5 पेट्रोलिंग पार्टियां और 2 बाइक पेट्रोलिंग टीमें दो शिफ्टों में लगातार गश्त करेंगी।
यातायात व्यवस्था के तहत यात्री बसों और चारपहिया वाहनों के मार्ग में भी आंशिक बदलाव किया गया है। न्यू बस स्टैंड से रायपुर, रायगढ़, बनारस, वाड्रफनगर और मनेन्द्रगढ़ की ओर आने-जाने वाली यात्री बसें अपने निर्धारित मार्ग पर यथावत चलेंगी। वहीं, प्रतापपुर की ओर जाने-आने वाली बसें गांधी चौक, अम्बेडकर चौक, बनारस मार्ग, साईं कॉलेज, डिगमा और सरगवां होते हुए गुजरेंगी, जबकि रामानुजगंज रूट की बसें इसी मार्ग से आगे चिखलाडीह, सिधमा और ककना होते हुए आवागमन करेंगी। शंकरघाट और घुनघुट्टा बांध की ओर जाने वाले चारपहिया वाहनों का मार्ग परिवर्तित रहेगा और रामानुजगंज से आने वाली बसें व कारें भकुरा नवापारा होते हुए सरगवां-सकालो मार्ग से शहर में प्रवेश करेंगी। इसी तरह, लुचकी से दरिमा जाने वाले वाहनों को करजी चौक से तथा नवानगर व दमाली से दरिमा की ओर आने वाले वाहनों को एयरपोर्ट तिराहा से डायवर्ट किया जाएगा।

छठ घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की है। इसके तहत संजय पार्क के सामने और घुनघुट्टा नदी के पास चारपहिया वाहनों के लिए पार्किंग बनाई गई है, जबकि सूटन ढाबा के पास और घुनघुट्टा नदी के पूर्व दिशा में दोपहिया वाहन पार्क किए जा सकेंगे। इसके अतिरिक्त खनिज बैरियर और मोंटफोर्ट स्कूल के पास भी वाहनों की पार्किंग के लिए स्थान निर्धारित किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे पर्व के दौरान जारी रूट एडवाइजरी का पालन कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
