धमतरी। जिले के वनांचल क्षेत्र नगरी ब्लॉक स्थित ग्राम कारीपानी में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बैल के शिकार की फिराक में गांव घुसे एक तेंदुए ने ग्रामीणों पर जानलेवा हमला कर दिया। मवेशी के पास हलचल सुनकर घर से बाहर निकलीं 60 वर्षीय उर्मिला बाई मरकाम पर तेंदुए ने अचानक झपट्टा मार दिया। महिला की चीख सुनकर उन्हें बचाने पहुंचे उनके मेहमान सुंदर लाल नेताम (60) और बीच-बचाव करने आई पड़ोस की मनई बाई भी तेंदुए के खूंखार हमले की चपेट में आ गईं।
अचानक हुए इस दोहरे-तिहरे हमले से बस्ती में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों के लामबंद होने पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग निकला। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को देर रात ही 108 संजीवनी एक्सप्रेस के जरिए नगरी शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से जख्मी उर्मिला बाई और सुंदर लाल नेताम को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल धमतरी रेफर कर दिया गया। घायल महिला मनई बाई का इलाज नगरी अस्पताल में जारी है।
इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, नदी पार बस्तर बुडरा क्षेत्र से भी तेंदुए की आमद और हमले की सूचनाएं सामने आ रही हैं, जिससे ग्रामीणों में दोबारा हमले की गहरी आशंका बनी हुई है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर गश्त और निगरानी में जुट गई है, ताकि वन्यजीव को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ा जा सके।
