अम्बिकापुर। आध्यात्मिक जगत के प्रतिष्ठित संत एवं सद्गुरु श्री रितेश्वर जी महाराज का बीती रात सरगुजा संभाग मुख्यालय अम्बिकापुर में आगमन हुआ। उनके नगर आगमन की सूचना मिलते ही स्थानीय श्रद्धालुओं और अनुयायियों में भारी उत्साह देखा गया।
जानकारी के अनुसार, महाराज श्री देर रात करीब 11 बजे नगर की देवेश्वर कॉलोनी पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय व्यवसायी नवीन अग्रवाल (मोहन मेडिकोज) के निवास पर रात्रि विश्राम किया। इस दौरान अग्रवाल परिवार सहित बड़ी संख्या में पहुंचे भक्तों ने महाराज श्री के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
भारतीय सनातन परंपरा में संतों के प्रवास को आध्यात्मिक चेतना और आत्मिक शांति का संवाहक माना जाता है। अम्बिकापुर में महाराज श्री के इस संक्षिप्त प्रवास से समूचे क्षेत्र में भक्तिमय और सकारात्मक वातावरण बना रहा। दर्शनार्थियों ने उनके सानिध्य को नगर के लिए एक गौरवमयी अवसर बताया।
अम्बिकापुर में रात्रि विश्राम एवं सुबह की नित्य साधना के उपरांत सद्गुरु श्री रितेश्वर जी महाराज सुबह करीब 11 बजे सड़क मार्ग से छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध धार्मिक व सांस्कृतिक नगरी शिवरीनारायण के लिए प्रस्थान कर गए। उनके इस दौरे ने अंचल के धर्मप्रेमी नागरिकों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया है।
