सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले अंतर्गत बिहारपुर वन परिक्षेत्र में 12 हाथियों के एक बड़े दल ने दस्तक देकर सीमावर्ती ग्रामीण इलाकों में हलचल बढ़ा दी है। महुली और इसके नजदीकी गांवों में सक्रिय यह दल कोरिया जिले और प्रतापपुर-रमकोला क्षेत्र से आए छह-छह हाथियों के मेल से बना है।
रिहायशी सीमाओं के पास डेरा जमाए इस संयुक्त झुंड ने खेतों में लहलहाती फसलों को बड़े पैमाने पर रौंदना शुरू कर दिया है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का अंदेशा सता रहा है।
फसलों की बर्बादी के बीच ग्रामीणों में जनहानि को लेकर भी गहरा खौफ बना हुआ है। हाथियों की निरंतर आमद को देखते हुए वन विभाग का मैदानी अमला हाई अलर्ट पर है और इलाके में लगातार गश्त कर हाथियों की निगरानी कर रहा है। विभाग ने ग्रामीणों से सीधे टकराव से बचने, हाथियों को भड़काने या उनके नजदीक न जाने और खेतों व जंगलों की ओर निकलते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सख्त हिदायत दी है।
