अम्बिकापुर। प्रसव पीड़ा के बाद उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अम्बिकापुर लाई गई 34 वर्षीय गर्भवती महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार, बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र स्थित धंधापुर (डुमरपारा) निवासी भुवनेश्वरी (पति विष्णु) नौ माह की गर्भवती थीं। 11 अक्टूबर की शाम प्रसव पीड़ा शुरू होने पर परिजन उन्हें तत्काल रेवतपुर स्थित सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां महिला की स्थिति अधिक बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अम्बिकापुर के लिए रेफर कर दिया।
परिजन 12 अक्टूबर को उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद ही महिला और गर्भस्थ शिशु दोनों को मृत घोषित कर दिया। एक साथ दो मौतों की इस दुखद घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
