गरियाबंद। गरियाबंद जिले के ग्राम भेंडरी स्थित प्राथमिक शाला में कक्षा तीसरी की एक मासूम छात्रा की बेरहमी से पिटाई का गंभीर मामला सामने आया है। छात्रा का कसूर सिर्फ इतना था कि वह गणित के सवालों का सही जवाब नहीं दे पाई थी। परिजनों का आरोप है कि इस मामूली बात पर आपा खोते हुए पदस्थ शिक्षक ने बच्ची के गाल पर ताबड़तोड़ कई थप्पड़ जड़ दिए। पिटाई इतनी बर्बर थी कि छात्रा के गाल और गर्दन पर पूरे दिन उंगलियों के निशान उभरे रहे, और दहशत व दर्द के कारण वह न तो कुछ बोल पा रही थी और न ही खाना खा पा रही थी।
घटना बुधवार, 7 अक्टूबर की बताई जा रही है। घटना के बाद पालकों में भारी आक्रोश फैल गया, जिसे शांत करने के लिए शाला प्रबंधन समिति ने आनन-फानन में बैठक बुलाकर आपसी सुलह कराने की कोशिश भी की। हालांकि, ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी शिक्षक के ऐसे अमानवीय कृत्य पहले भी सामने आ चुके हैं, जिन्हें हर बार दबा दिया जाता रहा है। चौतरफा घिरने के बाद आरोपी शिक्षक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न होने की बात कही है।
मामला जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) के संज्ञान में आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन सदस्यीय जांच दल का गठन कर दिया गया है, जिसे आगामी सोमवार तक विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। पीड़ित पक्ष की ओर से अब तक थाने या विभाग में कोई लिखित शिकायत दर्ज न कराए जाने के कारण अधिकारी जांच दल की आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, जिसके आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई तय की जाएगी।
