ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में डबरा देहात क्षेत्र के ग्राम टेकनपुर में शुक्रवार शाम करीब 8 करोड़ रुपये की बेशकीमती जमीन के कब्जे को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। टेकनपुर बस स्टैंड के पास पुरानी रोड पर स्थित इस जमीन पर चल रहे विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से अंधाधुंध गोलियां चलने लगीं। इस भीषण गोलीबारी में 30 वर्षीय संदीप परिहार की पेट में चार गोलियां लगने से मौत हो गई। मृतक संदीप परिहार, भाजपा नेता व जिला पंचायत सदस्य आलोक शर्मा के भाई नवीन शर्मा का निजी कर्मचारी था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस जमीन पर पिछले तीन वर्षों से नवीन शर्मा का कब्जा था। शुक्रवार को जब मौके पर बाउंड्री वॉल बनाने का काम शुरू हुआ, तभी विरोधी पक्ष के श्याम गुर्जर अपने समर्थकों के साथ वहाँ आ धमके। दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई और दोनों तरफ से सरेराह ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और राहगीर जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान संदीप परिहार पास ही बने एक स्कूल परिसर में गंभीर रूप से लहुलूहान हालत में पड़ा मिला। पुलिस उसे तत्काल ग्वालियर अस्पताल लेकर रवाना हुई, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर खड़ी एक थार जीप भी गोलियों से छलनी पाई गई, जिसकी तलाशी लेने पर पुलिस ने करीब 50 जिंदा व चले हुए कारतूस बरामद किए हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी धर्मवीर सिंह यादव और एएसपी (देहात) जयराज कुबेर भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मुआयना किया। मृतक के भाई ने विनय गुर्जर, सोनेराम गुर्जर, लालो गुर्जर और बाबा समेत अन्य लोगों पर सीधे गोली मारने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और प्राथमिक जांच के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
