अम्बिकापुर। सरगुजा लोकसभा क्षेत्र के सांसद चिंतामणि महाराज को संसद में एक अहम और बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें लोकसभा की प्रतिष्ठित ‘सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता संबंधी स्थायी समिति’ (Standing Committee on Social Justice and Empowerment) का सदस्य मनोनीत किया गया है।
लोकसभा सचिवालय द्वारा 5 अक्टूबर को जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, सांसद चिंतामणि महाराज का यह मनोनयन वर्ष 2026-27 के कार्यकाल के लिए किया गया है, जो 26 सितंबर 2026 से प्रभावी माना जाएगा।
संसद की यह प्रमुख समिति देश में वंचित, पिछड़े, अनुसूचित जाति, जनजाति, वरिष्ठ नागरिकों तथा दिव्यांगजनों के कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सरकारी योजनाओं, नीतियों और विधायी कार्यों की समीक्षा करती है। सरगुजा जैसे जनजातीय बाहुल्य क्षेत्र के जनप्रतिनिधि के तौर पर चिंतामणि महाराज के इस समिति में शामिल होने से क्षेत्र की जमीनी समस्याओं, विकास प्राथमिकताओं और सामाजिक उत्थान के मुद्दों को राष्ट्रीय पटल पर प्रभावी रूप से उठाने में मदद मिलेगी।
