अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-43 पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा विशुनपुर के समीप उस वक्त हुआ, जब सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से बाइक अनियंत्रित होकर सीधे जा टकराई।
जानकारी के अनुसार, विशुनपुर निवासी दो युवक बाइक पर सवार होकर सीतापुर से अम्बिकापुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे विशुनपुर के पास पहुंचे, मार्ग पर पहले से खड़े ट्रेलर को वे देख नहीं सके और बाइक सीधे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक सवार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
