अम्बिकापुर/जशपुर। मध्य प्रदेश से तस्करी कर लाई जा रही अवैध शराब के बड़े सिंडिकेट पर सरगुजा संभागीय आबकारी उड़नदस्ते ने करारा प्रहार किया है। टीम ने जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत झिक्की गांव में दबिश देकर ₹2.5 लाख कीमत की 35 पेटी (315 लीटर) मध्य प्रदेश निर्मित ‘गोवा व्हिस्की’ बरामद की है। आबकारी टीम ने मौके से आरोपी तस्कर सुदर्शन गुप्ता को दबोचकर गैर-जमानती धाराओं के तहत जेल भेजने की कार्रवाई पूरी कर ली है।
आबकारी आयुक्त पी.एस. अल्मा और जिला आबकारी अधिकारी इंद्रबली मार्कंडेय के मार्गदर्शन में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे सघन अभियान के तहत सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से पुख्ता इनपुट मिला था। सूचना थी कि झिक्की निवासी सुदर्शन गुप्ता ने अपने ठिकाने पर भारी मात्रा में दूसरे राज्य की विदेशी शराब की खेप मंगाई है।
सूचना की पुष्टि होते ही टीम ने सुबह तड़के सुदर्शन गुप्ता के घर पर घेराबंदी कर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के पीछे बने बरामदे में तिरपाल से छिपाकर रखी गईं 35 पेटियां मिलीं, जिनमें कुल 1,750 पाव (315 लीटर) गोवा शराब भरी हुई थी। आरोपी के पास शराब भंडारण का कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2), 36 और 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
इस त्वरित और सफल कार्रवाई का नेतृत्व सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने किया। कार्रवाई को अंजाम तक पहुंचाने में मुख्य आरक्षक अशोक सोनी, आरक्षक श्यामसुंदर पैकरा, दीपक पांडे, आशीष कुंज, नगर सैनिक गणेश पांडेय, रणविजय सिंह और रोहित सोनवानी की सक्रिय भूमिका रही।
