अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत मुंगरी तालाब (महेशपुर) में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सुबह करीब 7 बजे शौच के लिए निकले 65 वर्षीय ग्रामीण मोहन कुजूर पर विचरण कर रहे जंगली हाथियों के दल ने अचानक हमला कर दिया। हाथी की भीषण टक्कर और लात लगने से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए; प्राथमिक जानकारी के अनुसार उनकी पसली टूट गई है।
हमले में लहूलुहान होने के बावजूद मोहन कुजूर ने अदम्य साहस दिखाया और किसी तरह खुद को संभालते हुए घिसटते-चलते अपने घर के समीप पहुंचे। बुजुर्ग की नाजुक स्थिति को देखते हुए वन विभाग के अमले ने तुरंत अपने वाहन से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) उदयपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका सघन उपचार जारी है।
इस घटना के बाद से महेशपुर और आसपास के पूरे वनांचल में भारी दहशत फैल गई है। क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से 26 हाथियों का दल लगातार डेरा जमाए हुए है, जिससे ग्रामीणों की रातों की नींद उड़ चुकी है। दल की लगातार मौजूदगी और ताजा हमले ने वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने के साथ ही स्थानीय आबादी में गंभीर चिंता पैदा कर दी है।
