गुवाहाटी। पूर्वोत्तर भारत में मंगलवार तड़के धरती डोलने से लोगों में दहशत फैल गई। असम और मणिपुर में महज चार मिनट के अंतराल पर दो अलग-अलग भूकंप के झटके महसूस किए गए। इनमें सबसे शक्तिशाली झटका असम के नगांव में दर्ज हुआ, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.5 आंकी गई। सुबह 4:23 बजे आए इस भूकंप की धमक राज्य के कई हिस्सों समेत राजधानी गुवाहाटी तक महसूस की गई, जिससे गहरी नींद में सोए लोग घबराकर बिस्तरों से बाहर निकल आए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र सतह से 33 किलोमीटर की गहराई (26.428 अक्षांश, 93.060 देशांतर) में स्थित था।
असम में लगे इस झटके के ठीक चार मिनट बाद, तड़के 4:27 बजे पड़ोसी राज्य मणिपुर की ज़मीन भी कांप उठी। मणिपुर के तामेंगलांग जिले में रिक्टर स्केल पर 2.9 तीव्रता का दूसरा भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र जमीन से 12 किलोमीटर गहराई में था। हालांकि तीव्रता कम होने की वजह से यहां इसका असर काफी सीमित रहा। राहत की बात यह रही कि दोनों ही घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है।
भूवैज्ञानिकों के मुताबिक पूर्वोत्तर क्षेत्र अत्यधिक संवेदनशील ‘सीस्मिक जोन-5’ के अंतर्गत आता है, जहां टेक्टोनिक प्लेटों की हलचल के चलते समय-समय पर हल्के और मध्यम दर्जे के झटके आना सामान्य प्रक्रिया है। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने, संयम बनाए रखने और केवल आधिकारिक स्रोतों से मिलने वाली सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।
