सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिला भाजपा की अंतर्कलह अब खुलकर सड़कों पर आ गई है। रविवार को जिले के प्रवास पर पहुंचे प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा की मौजूदगी में ही भारी सियासी घमासान देखने को मिला, जब शहर मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश बानी ने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा से आहत होकर जिलाध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। बानी ने स्पष्ट आरोप लगाया कि संगठन में समर्पित कार्यकर्ताओं की लगातार अनदेखी हो रही है और उनके काम नहीं होने से वे खुद को आहत महसूस कर रहे हैं, इसलिए वे पद पर बने रहने के इच्छुक नहीं हैं।
विवाद की मुख्य जड़ हाल ही में गणेश विसर्जन के दौरान स्थानीय पुलिस और प्रशासन का कथित रवैया रहा। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने गणेश उत्सव समितियों के युवाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया और राजापारा समिति के धुमाल वाहन को सरसीवां थाने में जब्त कर लिया। इस प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं में भारी रोष था। प्रभारी मंत्री के सामने यह मुद्दा जोर-शोर से उठाया गया, लेकिन तत्काल कोई ठोस समाधान या कार्रवाई न होने से असंतोष चरम पर पहुंच गया, जिसके तुरंत बाद बानी ने शाम को पद छोड़ने का कदम उठाया।
इस अप्रत्याशित इस्तीफे ने जिला भाजपा संगठन में खलबली मचा दी है। हालांकि, संगठन ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस्तीफा मंजूर किया गया है या वरिष्ठ नेता डैमेज कंट्रोल में जुटेंगे। आगामी नगर पालिका चुनाव से ठीक पहले संगठन के भीतर उभरी यह नाराजगी पार्टी के लिए खतरे की घंटी मानी जा रही है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि शीर्ष नेतृत्व असंतुष्ट खेमे को साध पाता है या यह चिंगारी चुनाव में पार्टी की राह मुश्किल करेगी।
