धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कुरुद अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय की भू-अर्जन शाखा में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी पुनेश्वर सूर्यवंशी को रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी कर्मचारी जमीन डायवर्शन के एक मामले को निपटाने के एवज में प्रार्थी से घूस की मांग कर रहा था।
मामले के अनुसार, शिकायतकर्ता प्रकाश चंद्राकर ने अपनी जमीन के डायवर्शन के लिए कुरुद तहसील कार्यालय में आवेदन दिया था। इस कार्य को आगे बढ़ाने के लिए भू-अर्जन शाखा के बाबू पुनेश्वर सूर्यवंशी ने 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग रखी थी। शिकायतकर्ता रिश्वत देने का इच्छुक नहीं था, इसलिए उसने पूरे मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी की टीम ने पुनेश्वर सूर्यवंशी को पकड़ने के लिए कुरुद तहसील परिसर में योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। तय योजना के तहत जैसे ही प्रार्थी प्रकाश चंद्राकर ने पहली किश्त के रूप में 10 हजार रुपये की रकम बाबू को सौंपी, पहले से घात लगाए बैठी एसीबी की टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद कर उसके हाथ धुलवाए, जिसमें उसके हाथ रंगीन हो गए। तहसील कार्यालय के भीतर एसीबी की इस अचानक हुई छापेमारी से पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। एसीबी की टीम आरोपी कर्मचारी को हिरासत में लेकर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
