गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के जरहीडीह गांव में वैवाहिक कलह और अविश्वास ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। यहां चरित्र पर संदेह के चलते एक पति ने अपनी 32 वर्षीय पत्नी की बेल्ट से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। दिल दहला देने वाली इस वारदात के बाद शोभा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
शोभा थाना पुलिस के अनुसार, बीती रात जरहीडीह निवासी राम कुमार का अपनी पत्नी मोनिका (32) के साथ चरित्र पर शक को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आपा खो चुके राम कुमार ने कमर से बेल्ट निकालकर मोनिका पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। वह पत्नी को तब तक बेदर्दी से पीटता रहा, जब तक कि उसने मौके पर ही दम नहीं तोड़ दिया।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा तैयार किया। पुलिस ने आरोपी राम कुमार को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले के सभी तकनीकी व साक्ष्यीय पहलुओं की गहन जांच जारी है।
