अम्बिकापुर। भारत में पहली बार आयोजित हो रही प्रोफेशनल कॉर्फ़बॉल प्रीमियर लीग (KPL) में छत्तीसगढ़ के सरगुजा की प्रज्ञा मिश्रा अपने शानदार खेल से देश-दुनिया का ध्यान खींच रही हैं। इस प्रतिष्ठित लीग में ‘तेलुगू लीजेंड्स’ का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रज्ञा ने न केवल राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाई है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय दिग्गजों के बीच उत्कृष्ट खेल दिखाकर पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।
लीग के इस पहले सीजन में कुल 8 फ्रेंचाइज़ी टीमें और 112 शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें ऑस्ट्रेलिया, मलेशिया सहित 20 से अधिक देशों के नामी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हैं, जिनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर प्रज्ञा कोर्ट पर अपना दम दिखा रही हैं। खेल प्रेमियों के लिए इस मुकाबले का सीधा प्रसारण प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक ‘स्टार स्पोर्ट्स (खेलो)’ और ‘जियोहॉटस्टार’ पर किया जा रहा है, जिससे दुनिया भर के दर्शक सरगुजा की इस बेटी के हुनर के गवाह बन रहे हैं।
प्रज्ञा की इस ऐतिहासिक यात्रा पर खुशी जताते हुए राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि भारत में कॉर्फ़बॉल 1979 में आया और देश 1980 में अंतरराष्ट्रीय महासंघ का हिस्सा बना। चार दशकों के इस सफर के बाद आज जब भारत की पहली पेशेवर लीग शुरू हुई है, तो उसमें सरगुजा की बेटी का चमकना स्थानीय प्रतिभाओं के लिए नए दरवाजे खोलेगा और युवाओं को खेलों में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगा।
इस शानदार उपलब्धि पर सरगुजा जिला कॉर्फ़बॉल संघ एवं जिला बास्केटबॉल संघ के पदाधिकारियों सहित खेल प्रेमियों ने प्रज्ञा मिश्रा को बधाई दी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस मंच पर प्रज्ञा की मौजूदगी ने यह साबित कर दिया है कि लगन और मेहनत के बल पर छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान दर्ज करा सकती हैं।
