रायपुर। राजधानी रायपुर में गणेश उत्सव की चहल-पहल के बीच सड़क पर उत्पात मचाने और कार पर हमला करने वाले दो युवकों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज एक घंटे के भीतर धर दबोचा। आजाद चौक से शुरू हुआ विवाद बैरन बाजार में कार पर पत्थरबाजी तक पहुंच गया था, जहां आरोपियों ने परिवार सहित सवार लोगों की कार का पिछला शीशा तोड़ दिया था।
घटना 21 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे की है। खो-खो पारा निवासी प्रीतम सिंह अपने परिवार के साथ गणेश पंडालों के दर्शन के लिए निकले थे। आजाद चौक के समीप उनकी कार का सामना दो युवकों से हुआ, जहां किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत करा दिया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद पीड़ित परिवार कार लेकर आगे निकल गया, लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ।
आरोपियों ने रंजिश पालते हुए कार का पीछा जारी रखा। जैसे ही कार बैरन बाजार क्षेत्र में पहुंची, आरोपियों ने मौका देखकर वाहन पर पीछे से भारी पत्थर दे मारा। हमले में कार का शीशा टूट गया, जिससे वाहन में सवार परिजनों में दहशत फैल गई। वारदात को अंजाम देकर दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए।
शिकायत मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने तथा दोपहिया वाहन के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए वारदात के एक घंटे के भीतर दोनों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष यादव (19 वर्ष) और आदित्य सिंह ठाकुर (22 वर्ष), दोनों निवासी पंकज गार्डन के पास, खो-खो पारा, थाना पुरानी बस्ती के रूप में हुई है। सिटी कोतवाली पुलिस ने दोनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 125, 324(1) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। इसके साथ ही दोनों के खिलाफ पृथक से प्रतिबंधात्मक कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई गई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि त्योहारों के दौरान सार्वजनिक शांति भंग करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
