धमतरी। जिले में सिंचाई विभाग द्वारा मुख्य नहर में पर्याप्त पानी छोड़े जाने के बावजूद अंतिम छोर (टेल एरिया) पर बसे गांवों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। मुख्य नहर के किनारे स्थित खेतों को तो भरपूर पानी मिल रहा है, लेकिन डाही और हंकारा जैसे अंतिम छोर के गांवों की वितरक नालियां सूखी पड़ी हैं। इसके चलते इन क्षेत्रों के किसानों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
भीषण उमस और तेज धूप के कारण खेतों की नमी तेजी से सूख रही है। फसल को बचाने के लिए इस नाजुक समय में खेतों में पानी का स्तर बनाए रखना बेहद जरूरी है, जिसके लिए किसान दिन-रात खेतों के चक्कर काट रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वितरक नालियों की लंबे समय से साफ-सफाई और गाद निकासी नहीं होने के कारण पानी का बहाव आगे नहीं बढ़ पा रहा है। यदि जल्द ही टेल एरिया तक जल आपूर्ति सामान्य नहीं की गई, तो किसानों के बीच पानी के बंटवारे को लेकर आपसी विवाद और कानून-व्यवस्था की स्थिति पैदा हो सकती है।
संकट को देखते हुए डाही और हंकारा के ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग से नहर में पानी का दबाव बढ़ाने और अवरुद्ध नालियों की तत्काल सफाई कराने की गुहार लगाई है। मांग उठाने वालों में महेश पाल, भूषण साहू, भानूप्रताप, दीनू साहू, नंदकुमार निर्मलकर, भागवत साहू, गोपी किशन और अर्जुन साहू सहित बड़ी संख्या में प्रभावित किसान शामिल हैं।
