दुर्ग। मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाली बुजुर्ग महिलाओं से सोने की चेन झपटने के एक सनसनीखेज मामले में सुपेला थाना पुलिस ने बीटेक के एक छात्र और छात्रा को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को पुलिस ने इस पूरे गिरोह का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
वारदात का पहला मामला 31 जुलाई की सुबह सामने आया था, जब प्रियदर्शिनी परिसर निवासी 62 वर्षीय गीता देवी सुबह साढ़े 6 बजे अपने घर के बाहर टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार युवक-युवती वहां पहुंचे और पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन खींच ली। इसके बाद 20 सितंबर को नेहरू नगर पूर्व स्थित विद्या विहार कॉलोनी में ठीक इसी तर्ज पर चेन स्नेचिंग की एक और वारदात को अंजाम दिया गया।
लगातार हो रही वारदातों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने विक्की नायक और तरुणा सिन्हा को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा के अनुसार, दोनों आरोपी सुबह के समय स्कूटी से कॉलोनियों में रेकी करते थे और सुनसान रास्तों पर अकेली बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते थे। वारदात के दौरान युवती स्कूटी चलाती थी और युवक मौका मिलते ही झपट्टा मारकर चेन उड़ा लेता था। पहचान छुपाने के लिए दोनों हेलमेट और विशेष कपड़ों का उपयोग करते थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छीनी गई सोने की चेन का टुकड़ा और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद कर ली है।
