सीतापुर/अनिल उपाध्याय। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा एक्सटेंशन रिफॉर्म आत्मा योजना के अंतर्गत कृषकों को उन्नत कृषि तकनीक एवं प्राकृतिक खेती की आधुनिक पद्धतियों से परिचित कराने के उद्देश्य से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है।इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए छत्तीसगढ़ से चयनित 10 कृषकों का दल 12 सितंबर को राजधानी रायपुर से हरियाणा के कुरुक्षेत्र के लिए रवाना होगा।इस दल में ग्राम सरगा के कृषक मुकेश कुमार आप्टे का भी कृषि विभाग की ओर से चयन किया गया है।वे प्रशिक्षण दल के साथ हरियाणा के कुरुक्षेत्र में राज्यपाल आचार्य देवव्रत जी के मार्गदर्शन में संचालित प्राकृतिक खेती के विशाल प्रकल्प का अवलोकन एवं प्राकृतिक खेती की उन्नत तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।प्रशिक्षण कार्यक्रम के अगले चरण में कृषक दल गुजरात के आनंद पहुंचकर उन्नत कृषि तकनीक कृषि नवाचार एवं आधुनिक खेती की पद्धतियों का प्रशिक्षण प्राप्त करेगा।इस प्रशिक्षण का उद्देश्य कृषकों को प्राकृतिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों से जोड़कर उनकी कृषि उत्पादकता, आय एवं टिकाऊ खेती को बढ़ावा देना है।इस अवसर पर उपसंचालक कृषि पी.एस.दीवान अनुभागीय कृषि अधिकारी अनीता एक्का,वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी लिली मॉरिस बखला,जिला समन्वयक आत्मा योजना शैलेन्द्र लाल एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी शैलेन्द्र विशी ने कृषक श्री मुकेश कुमार आप्टे को प्रशिक्षण हेतु चयनित होने पर शुभकामनाएं दी।उन्होंने आशा व्यक्त की है कि वे प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं तकनीकियों को अपने क्षेत्र के अन्य कृषकों तक पहुंचाकर उन्हें भी उन्नत एवं प्राकृतिक खेती के लिए प्रेरित करेंगे।इस संबंध में चयनित कृषक मुकेश आप्टे ने कहा कि कृषि विभाग का यह प्रशिक्षण कार्यक्रम किसानों को नई कृषि तकनीकी से जोड़ने तथा प्रदेश में टिकाऊ,लाभकारी एवं प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
