– खनिज और पुलिस की चुप्पी पर बड़े सवाल!
अम्बिकापुर। सरगुजा और सूरजपुर जिले की सरहद पर स्थित लखनपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत लैंगा (थाना उदयपुर क्षेत्र) के जंगल इन दिनों कोयला माफियाओं के लिए सबसे सुरक्षित पनाहगाह बन चुके हैं। क्षेत्र में संचालित एसईसीएल (SECL) की खदानों से बड़े पैमाने पर कोयला चोरी कर उसे खुलेआम जंगल में डंप किया जा रहा है। ताजा मामले में लैंगा-खुटिया गांव के सरहद के जंगल में स्थित एक बंद पड़े ईंट भट्ठे की आड़ में लगभग एक ट्रक अवैध कोयला भंडारित कर रखा गया है, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपए आंकी जा रही है। खुले आसमान के नीचे बेखौफ होकर रखे गए इस ‘काले सोने’ के जखीरे ने स्थानीय प्रशासन, खनिज विभाग और उदयपुर पुलिस की कार्यप्रणाली की पोल खोलकर रख दी है।
स्थानीय ग्रामीणों और सूत्रों के मुताबिक, अवैध कोयला भंडारण का यह काला कारोबार कोई नया नहीं है, बल्कि कई वर्षों से इस सरहदी इलाके में यह खेल बेरोकटोक चल रहा है। क्षेत्र के कई शातिर कोयला तस्कर पूरी तरह सक्रिय हैं, जो खदानों से चोरी का कोयला लाकर पहले इस सुनसान इलाके में इकट्ठा करते हैं और फिर मौका पाकर आसपास के क्षेत्रों में संचालित अवैध ईंट भट्ठों में ऊंचे दामों पर खपा देते हैं। सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा से सटा होने के कारण तस्कर भौगोलिक स्थिति का पूरा फायदा उठाते हैं और कार्रवाई के डर से बेफिक्र होकर इस अवैध सिंडिकेट को चला रहे हैं।

सबसे बड़ा और गंभीर सवाल खनिज विभाग और स्थानीय पुलिस की भूमिका पर खड़ा हो रहा है। जब लैंगा के जंगल में एक ट्रक जितना भारी-भरकम अवैध कोयला खुले में डंप किया जा रहा है, तो क्या विभाग के मैदानी अमले और पुलिस के मुखबिर तंत्र को इसकी भनक तक नहीं है, या फिर सब कुछ जानकर भी जानबूझकर आंखें मूंदी जा रही हैं? ग्रामीणों के बीच लगातार यह आरोप चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर इस इलाके में बार-बार कोयले का अवैध भंडारण होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं होती। प्रशासन की यह रहस्यमयी चुप्पी कोयला माफियाओं के हौसले बुलंद कर रही है।
यदि खनिज विभाग और पुलिस की टीम ईमानदारी से इस अवैध डंपिंग यार्ड पर दबिश देकर निष्पक्ष जांच करे, तो इस पूरे सिंडिकेट के पीछे छिपे कई बड़े सरगनाओं के नाम बेनकाब हो सकते हैं। अब देखना यह है कि खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन कुंभकर्णी नींद से जागकर इस लाखों के अवैध कोयले को जब्त करता है या फिर माफियाओं को इसे भी ठिकाने लगाने का मौका मिल जाता है।
