जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जांजगीर-चांपा ने बुधवार को जिले के राजस्व प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 11 तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। यह तबादले प्रशासनिक आधार पर किए गए हैं और आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, तहसीलदार नवागढ़ आराधना प्रधान को अतिरिक्त तहसीलदार बलौदा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं पुलकित साहू को जिला कार्यालय से तहसीलदार सारागांव पदस्थ किया गया है। अतिरिक्त तहसीलदार बलौदा श्वेता यादव को जिला कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा में संलग्न किया गया है।
इसी तरह राजकुमार मरावी को जांजगीर से तहसीलदार चांपा, शशिभूषण सोनी को बम्हनीडीह से तहसीलदार जांजगीर तथा प्रशांत पटेल को नायब तहसीलदार चांपा से प्रभारी तहसीलदार बम्हनीडीह बनाया गया है।
नायब तहसीलदारों में अखिलेश विश्वकर्मा को पामगढ़ से बलौदा, भागीरथी कश्यप को अकलतरा से सारागांव, अभिषेक यादव को सारागांव से पामगढ़, त्रिलोकचंद चतुर्वेदी को जांजगीर से अकलतरा तथा रश्मि जायसवाल को चांपा से अकलतरा स्थानांतरित किया गया है।
कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी स्थानांतरण प्रशासनिक आधार पर किए गए हैं तथा यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा। इस फेरबदल को जिले में राजस्व कार्यों को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
