रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला अंतर्गत कापू वन परिक्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां तालगांव बस्ती में एक हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। आज तड़के सुबह करीब 4 बजे जब पूरी बस्ती सो रही थी, तब एक दंतैल हाथी ने अचानक रिहायशी इलाके में धावा बोल दिया। हाथी के बस्ती में घुसते ही वहां हड़कंप मच गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी अफरा-तफरी के बीच, अपने घर से जान बचाकर भाग रही एक महिला पर हाथी ने अचानक हमला कर दिया। हाथी के इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और वन विभाग की मदद से घायल महिला को नजदीकी कापू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज शुरू किया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हाथी का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ; रिहायशी इलाके में तबाही मचाने के बाद उसने मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम की गाड़ी पर भी हमला कर दिया और वाहन को क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की। इस घटना के बाद से पूरी तालगांव बस्ती में दहशत का माहौल है। फिलहाल वन विभाग की टीम मौके पर मुस्तैद है और हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दे रही है।
