अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट की वादियों में बुलेट के पटाखों और स्टंटबाजी से दहशत फैलाने वाले हुड़दंगी बाइकर्स के खिलाफ सरगुजा पुलिस ने सर्जिकल स्ट्राइक शुरू कर दी है। मैनपाट की सड़कों को ब्लॉक कर आम नागरिकों और पर्यटकों को परेशान करने वाले बाइकर्स समूह के खिलाफ थाना कमलेश्वरपुर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। डीआईजी और एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (IPS) के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस टीम अब इन हुड़दंगियों की धरपकड़ और उनके वाहनों को जब्त करने के लिए बड़े पैमाने पर चेकिंग अभियान चला रही है।
दरअसल, यह पूरी कार्रवाई स्थानीय नागरिकों की शिकायत के बाद शुरू हुई। पुलिस को दी गई रिपोर्ट के मुताबिक, बीते 7 जुलाई को मैनपाट क्षेत्र में कई बाइकर्स दो से तीन सवारी बैठकर मुख्य सड़कों पर बेहद तेज रफ्तार में लहरिया कट (रैश ड्राइविंग) मारते हुए गाड़ियां दौड़ा रहे थे। इससे न केवल सड़क पर चलने वाले राहगीरों की जान जोखिम में पड़ गई, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बेहद बढ़ गया था। हद तो तब हो गई जब इन बाइकर्स ने अंबिकापुर रोड घाट, कापू रोड घाट और सीतापुर रोड घाट पर झुंड बनाकर बीच सड़क पर अपनी गाड़ियां खड़ी कर दीं और रास्तों को पूरी तरह जाम कर दिया। इसके बाद साइलेंसर से तेज और कानफोड़ू आवाजें (पटाखे) निकालकर और जोर-जोर से चिल्लाकर पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया, जिससे महिलाओं, बच्चों और पर्यटकों का वहां से गुजरना दूभर हो गया।
इस गुंडागर्दी और हुड़दंग का संज्ञान लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने थाना प्रभारी कमलेश्वरपुर को तत्काल एफआईआर दर्ज करने और सख्त कानूनी कदम उठाने के आदेश दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए कमलेश्वरपुर पुलिस ने बाइकर्स गैंग के खिलाफ अपराध क्रमांक 41/26 के तहत बीएनएस (BNS) की धारा 281, 190, 189, 126, 270 और 285 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपियों और उनके वाहनों की पहचान करने में जुट गई है। जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे बाइकर्स पर मोटर व्हीकल एक्ट के साथ-साथ कड़ी आपराधिक धाराओं में भी कार्रवाई की जाए।
इस बीच, सरगुजा पुलिस ने आम जनता से भी इस अभियान में सहयोग की अपील की है। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि यदि किसी भी पर्यटन स्थल या सार्वजनिक सड़क पर बाइकर्स ग्रुप हुड़दंग मचाता है, सड़क जाम करता है या साइलेंसर से तेज आवाज निकालता है, तो नागरिक तुरंत सरगुजा पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 9479193599 या डायल 112 पर सूचना दे सकते हैं। पुलिस त्वरित कार्रवाई करेगी और सूचना देने वाले नागरिक की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
