बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में आज रोजगार के नए युग की शुरुआत होने जा रही है। ‘विकसित भारत-रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन’ (ग्रामीण) यानी ‘वीबी-ग्राम जी’ और जिला स्तरीय जन सम्मेलन का भव्य आयोजन आज गुरुवार सुबह 11 बजे से जल संसाधन विभाग के प्रार्थना भवन में किया जाएगा। इस बेहद खास कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान नई दिल्ली से वर्चुअली जुड़कर मिशन का राष्ट्रीय शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू होंगे, जबकि अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे।
इस ऐतिहासिक मोड़ पर बिलासपुर जिले को पूरी तरह से जोड़ने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने बताया कि मुख्य आयोजन के साथ ही जिले की सभी जनपद पंचायतों और 486 ग्राम पंचायतों में एक साथ इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) दिखाया जाएगा। इस दौरान ग्रामीणों और आम जनता को मिशन के उद्देश्यों, आजीविका के नए अवसरों और सरकारी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
इस जिला स्तरीय महासम्मेलन में क्षेत्र के तमाम प्रमुख जनप्रतिनिधि भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, अटल श्रीवास्तव, दिलीप लहरिया और जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी शामिल होकर ग्रामीण विकास के इस नए रोडमैप के साक्षी बनेंगे।
