अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाले रामगढ़ में आयोजित ‘रामगढ़ महोत्सव’ के समापन समारोह के दौरान एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ महोत्सव के अंतिम दिन उमड़ी भीड़ के बीच तीन महिलाओं पर चोरी करने का संदेह जताया गया। इस मामूली से शक के बाद वहाँ मौजूद भीड़ ने कानून को अपने हाथ में ले लिया और तीनों महिलाओं की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। देखते ही देखते माहौल इतना हिंसक हो गया कि लोगों ने महिलाओं पर कुर्सियां तक बरसानी शुरू कर दीं।
इस पूरी वारदात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब यह पूरी घटना घटित हो रही थी, तब सुरक्षा व्यवस्था के दावे करने वाली पुलिस मौके पर समय से नहीं पहुँच सकी, जिससे उपद्रवियों के हौसले और बढ़ गए। यह पूरा मामला उदयपुर थाना क्षेत्र का है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद अब स्थानीय पुलिस हरकत में आई है। वायरल वीडियो की बारीकी से जांच की जा रही है और वीडियो में दिख रहे मारपीट करने वाले आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
