जगदलपुर। बकावंड ब्लॉक के मालगांव पंचायत में एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां पंचायत भवन की जर्जर छत अचानक भरभरा कर गिर गई। इस हादसे के वक्त भवन के भीतर करीब 10 से 12 महिलाएं और युवतियां मौजूद थीं, जो वहां सिलाई सीख रही थीं। छत का मलबा गिरने से सिलाई सीख रही दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की मदद से मलबे में दबी युवतियों को बाहर निकाला गया। दोनों घायल युवतियों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश की वजह से पंचायत भवन की यह पुरानी छत पूरी तरह कमजोर हो चुकी थी और जर्जर होने के कारण यह दुर्घटना घटित हुई।
